IND vs ENG 3rd T20: सीरीज में बने रहने के लिए टीम इंडिया का करो या मरो का मुकाबला, कौन लेगा आज बिश्नोई की जगह
IND vs ENG T20 Series: इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में लाज बचाने उतरेगी टीम इंडिया। कप्तान श्रेयस अय्यर की नजर पहली जीत पर है। क्या रवि बिश्नोई की जगह युवा प्रिंस यादव को मिलेगा मौका?
- Written By: सृष्टि मौर्य
इंडिया टीम (सोर्स- सोशल मीडिया)
India vs England 3rd T20 Series Update: इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद, भारतीय टीम मंगलवार को ट्रेंट ब्रिज में होने वाले तीसरे मैच में हर हाल में जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही है। आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवाने के बाद, टीम को मैनचेस्टर में खेले गए मैच में भी 4 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी।
भारतीय टीम के लिए अब यह मुकाबला बेहद जरूरी हो गया है। अगर मेहमान टीम को सीरीज की रेस में बने रहना है, तो उसे अपनी पुरानी गलतियों को सुधारकर मैदान पर दमदार खेल दिखाना होगा। कप्तान श्रेयस अय्यर की कोशिश न सिर्फ टीम का खाता खोलने की होगी, बल्कि बतौर कप्तान अपनी पहली जीत दर्ज करने की भी होगी।
गेंदबाजी में बदलाव की तैयारी
मैनचेस्टर में खेले गए पिछले मुकाबले में भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना कोई विकेट लिए 60 रन लुटा दिए थे, जिसमें एक ही ओवर में इंग्लिश बल्लेबाजों ने 29 रन बटोरे थे। ऐसे में टीम इंडिया ट्रेंट ब्रिज की परिस्थितियों को देखते हुए अपनी गेंदबाजी लाइन-अप में बड़ा बदलाव कर सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
IND vs ENG ODI Series: भारतीय टीम से नितीश रेड्डी वनडे सीरीज से बाहर; धाकड़ ऑलराउंडर शिवम दुबे की हुई एंट्री
रांची से विश्व क्रिकेट के शिखर तक… आखिर कैसे बने करोड़ों दिलों के सबसे चहेते MS Dhoni?
वर्ल्ड कप से बाहर होने का दर्द नहीं छिपा पाए रोनाल्डो, विदाई पर कही दिल छू लेने वाली बात
Jyothi Surekha Vennam Silver Upgrade: डोपिंग में फंसी मैक्सिकन तीरंदाज, ज्योति सुरेखा का ब्रॉन्ज बना सिल्वर
गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए टीम में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इस रेस में युवा प्रिंस यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि प्रसिद्ध कृष्णा की तुलना में प्रिंस यादव बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं, क्योंकि प्रसिद्ध की ‘बैक-ऑफ-द-लेंथ’ गेंदों पर इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट्स खेल सकते हैं।
बल्लेबाजों को उछाल से निपटना होगा
भारतीय बल्लेबाजों को इंग्लैंड की पिचों पर मिलने वाले अतिरिक्त उछाल और मूवमेंट के सामने काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। इसकी बड़ी वजह यह है कि भारतीय टीम को सपाट पिचों पर खेलने की आदत है। फिलहाल टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को छोड़कर बाकी कोई भी बल्लेबाज अपनी असली लय में नजर नहीं आ रहा है।
हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने पिछले मैचों में कुछ रन जरूर बनाए हैं, लेकिन वे मैच पर अपना पूरा दबदबा नहीं बना सके। इस बीच, सबकी नजरें युवा और बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं, जो अपने ऐतिहासिक इंटरनेशनल डेब्यू के बाद इस अहम मुकाबले में बल्ले से एक बड़ा प्रभाव छोड़ना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें:- रोनाल्डो का वर्ल्ड कप सपना टूटा, स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराया; भीगी आंखों के साथ दिग्गज ने ली विदाई
भले ही मौजूदा सीरीज में भारतीय टीम मुश्किलों से घिरी नजर आ रही हो, लेकिन T20 फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ उसका ओवरऑल रिकॉर्ड बेहद शानदार है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 32 T20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से भारतीय टीम ने 18 मैचों में बाजी मारी है, जबकि इंग्लैंड को 13 मैचों में जीत मिली है और एक मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था।
तीसरे T20 के लिए दोनों टीमें-
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, विल जैक, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड।
