RR vs MI: गुवाहाटी में मंडरा रहे काले बादल, क्या बारिश बिगाड़ेगी राजस्थान और मुंबई का खेल?

MI vs RR: आईपीएल 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। गुवाहाटी में होने वाले इस मुकाबले के दौरान मौसम कैसा रहेगा, जानिए पूरी अपडेट।
RR vs MI: गुवाहाटी में मंडरा रहे काले बादल, क्या बारिश बिगाड़ेगी राजस्थान और मुंबई का खेल?
MI vs RR Match Number 13 Weather Report
Published on: 
Updated on: 

MI vs RR Match Number 13th Weather Report: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 13वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल मौसम को लेकर बना हुआ है। हाल ही में पंजाब और कोलकाता के बीच मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसके बाद अब इस मैच पर भी मौसम का साया मंडरा रहा है। ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि क्या इस अहम मुकाबले में बारिश खलल डालेगी या फिर पूरा मैच देखने को मिलेगा।

मैच के दौरान कैसा रहेगा मौसम?

मौसम रिपोर्ट के मुताबिक 7 अप्रैल को गुवाहाटी में बारिश की संभावना बनी हुई है। शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच करीब 35 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान जताया गया है। हालांकि यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होना है, ऐसे में मैच के समय बारिश की संभावना काफी कम बताई जा रही है। फिर भी रात के समय कुछ घंटों तक बारिश होने के आसार हैं, जो मैच के दौरान बाधा बन सकती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मुकाबला बिना रुकावट पूरा होता है या ओवरों में कटौती देखने को मिलती है।

पिछले मुकाबले में मुंबई का दबदबा

राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच पिछली भिड़ंत आईपीएल 2025 में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुई थी। उस मैच में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 217 रनों का बड़ा स्कोर बचाया था और राजस्थान को 100 रनों से करारी शिकस्त दी थी। उस मुकाबले में मुंबई के बल्लेबाजों ने दमदार खेल दिखाया था, जिसने टीम को एकतरफा जीत दिलाई थी।

राजस्थान की शानदार शुरुआत

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने बेहतरीन शुरुआत की है। टीम ने लगातार दो मैच जीतकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। पहले मुकाबले में राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम का आत्मविश्वास इस समय काफी ऊंचा है और खिलाड़ी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

वहीं मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम ने इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। ऐसे में टीम इस मैच में वापसी करने के इरादे से उतरेगी। अगर राजस्थान यह मुकाबला जीतने में सफल रहती है, तो वह जीत की हैट्रिक लगाकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com