बाबर आजम समेत पाकिस्तान के कई प्लेयर दूसरे वनडे में फेल, ऑस्ट्रेलिया ने पलटवार कर चुकता किया अपना पुराना हिसाब
Pakistan vs Australia: ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे में पाकिस्तान को हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। तेज गेंदबाज नैथन एलिस ने घातक गेंदबाजी करते हुए पाक की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया (फोटो- सोशल मीडिया)
Pakistan vs Australia ODI Series: इस वक्त पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जा रही है, जो कि अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 41 रन से शिकस्त दे दी है। इस जीत के साथ कंगारू टीम ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा।
शुरुआती झटकों के बाद ऑस्ट्रेलिया ने खड़ा किया चुनौतीपूर्ण स्कोर
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी की पहली ही गेंद पर कप्तान शाहीन अफरीदी ने एलेक्स कैरी को बोल्ड कर पाकिस्तान को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद भी ऑस्ट्रेलिया नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा।
हालांकि, मध्यक्रम में कैमरून ग्रीन और कप्तान जोश इंग्लिस ने जिम्मेदारी संभाली। ग्रीन ने 53 रन बनाए, जबकि इंग्लिस ने 51 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा ओलिवर पीक ने 31 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। इन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं हारिस रऊफ, अराफात मिन्हास और माज सदाकत को दो-दो सफलताएं मिलीं।
सम्बंधित ख़बरें
BCCI ने बॉम्बे हाई कोर्ट में रखा अपना पक्ष, OCI कार्डधारकों को नहीं मिलेगी घरेलू क्रिकेट में एंट्री
FIFA 2026: फिफा वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अमिताभ बच्चन ने दिया बड़ा बयान, बोले- मैच खिलाड़ी नहीं…
FIFA: वर्ल्ड कप फाइनल से पहले स्पेन को राहत, कोच ने लमीन यामाल की फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट
अंडर-19 वर्ल्ड कप हीरो मंजीत कालरा गिरफ्तार, LPL में मैच फिक्सिंग के आरोप से मचा हड़कंप
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी पाकिस्तान की बल्लेबाजी
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 4 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया और 6 रन तक पहुंचते-पहुंचते दूसरा बल्लेबाज भी पवेलियन लौट गया। शुरुआती झटकों से उबरने में पाकिस्तान नाकाम रहा और लगातार विकेट गिरते रहे। बाबर आजम, सलमान अली आगा और साहिबजादा फरहान जैसे प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। नतीजतन टीम दबाव में आती चली गई और मुकाबले में कभी भी मजबूत स्थिति में नजर नहीं आई।
शादाब खान का संघर्ष नहीं आया काम
एक छोर पर विकेट गिरने के बावजूद शादाब खान ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 71 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। विकेटकीपर गाजी घोरी ने 37 रन और अराफात मिन्हास ने 33 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। जिसके बाद पूरी पाकिस्तानी टीम 190 रन पर सिमट गई और 41 रन से मुकाबला हार गई।
ये भी पढ़ें: मैदान पर फिर होगी भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर, टेस्ट, वनडे और T20 सीरीज का पूरा शेड्यूल आया सामने
नैथन एलिस बने जीत के हीरो
ऑस्ट्रेलिया की जीत में तेज गेंदबाज नैथन एलिस ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए और पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। मैथ्यू शॉर्ट ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि मैथ्यू कुहनेमन, एडम जैम्पा और तनवीर संघा को एक-एक विकेट मिला। अब सीरीज का निर्णायक और अंतिम मुकाबला 4 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।
