
8 जनवरी का इतिहास (डिजाइन फोटो)
नई दिल्ली: जन्म और मृत्यु का चक्र हमेशा चलता रहता है। साल का हर दिन इतिहास में किसी की जन्मतिथि तो किसी की पुण्यतिथि के तौर पर दर्ज है। 8 जनवरी हिंदी सिनेमा के कालजयी फिल्मकार बिमल रॉय के निधन और ब्रिटेन के महान भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग के जन्मदिन का गवाह है।
जब हम भारतीय सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों की बात करते हैं तो ‘दो बीघा जमीन’, ‘सुजाता’, ‘बंदिनी’ और ‘परिणीता’ का जिक्र जरूर होता है। इन फिल्मों के निर्देशक बिमल रॉय थे, जिनकी फिल्में आज भी दर्शकों को लुभाती हैं। भारतीय सिनेमा को इस प्रतिभाशाली फिल्मकार का साथ ज्यादा दिनों तक नहीं मिल सका। 8 जनवरी 1966 को 56 साल की उम्र में कैंसर के कारण उनका निधन हो गया।
ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी स्टीफन विलियम हॉकिंग का जन्म 8 जनवरी 1942 को हुआ था। गंभीर शारीरिक विकार के बावजूद उन्होंने अंतरिक्ष के कई रहस्यों से पर्दा उठाया। असाधारण प्रतिभा के धनी हॉकिंग को ब्लैक होल और बिग बैंग सिद्धांत को प्रतिपादित करने का श्रेय दिया जाता है। उनका जीवन कभी हार न मानने वाले साहस और अदम्य इच्छाशक्ति का उदाहरण है।
खिलाड़ी और कोच दोनों के तौर पर जर्मनी को विश्व कप जिताने वाले महान फुटबॉल खिलाड़ी फ्रांज बेकनबाउर का 8 जनवरी 2024 को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बेकनबाउर ने 1974 में टीम का नेतृत्व कर पश्चिम जर्मनी को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 1990 में अर्जेंटीना के खिलाफ विश्व कप फाइनल जीतने वाली राष्ट्रीय टीम को भी कोचिंग दी थी।
देश दुनिया के इतिहास में आठ जनवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1790 : अमेरिका के प्रथम राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन ने पहली बार देश को संबोधित किया । 1884 : प्रसिद्ध समाज सुधारक केशव चंद्र सेन का जन्म।
1929 : भारतीय अभिनेता सईद जाफ़री का मालेरकोटला में जन्म।
1929 : नीदरलैंड्स और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेलीफोन संपर्क स्थापित।
1942 : प्रसिद्ध ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग का जन्म।
1952 : जॉर्डन ने संविधान अंगीकार किया।
1966 : फिल्म निर्देशक बिमल रॉय का निधन।
1995 : समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी मधु लिमये का निधन। 2001 : आइवरी कोस्ट में विद्रोह विफल।
2003 : श्रीलंका सरकार और लिट्टे के बीच नकोर्न पथोम (थाइलैंड) में वार्ता शुरू।
2008 : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने छठे प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन किया।
2009 : कोस्टा रिका के उत्तरी क्षेत्र में 6.1 तीव्रता के भूकंप में 15 लोगों की मौत एवं 32 अन्य घायल हुए।
हर एक तारीख से जुड़ी रोचक जानकारी प्राप्त करने के लिए यहां क्लिक करें
2020 : यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस का विमान ईरान की राजधानी तेहरान के इमाम खुमेनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ, 176 यात्रियों की मौत।
2023 : ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के समर्थकों ने संसद पर धावा बोला।
2024 : जर्मनी के लिए खिलाड़ी और कोच दोनों के तौर पर विश्व कप जीतने वाले फ्रांज बेकेनबाउर का निधन।
(एजेंसी)






