वृषभ राशि के लोगों के लिए बेहद खास होगा नया साल, शादी-नौकरी और तरक्की के खुलेंगे द्वार
वृषभ राशि के जातकों के लिए साल 2025 की सटीक व संपूर्ण भविष्यवाणी दी जा रही है। आने वाले साल में आपकी नौकरी, आपका व्यवसाय के साथ साथ लव लाइफ व नौकरी के बारे में ऐसे संकेत मिल रहे हैं...
- Written By: विजय कुमार तिवारी
वृषभ राशि का वार्षिक राशिफल 2025
वृषभ राशि के लिए साल 2025 कुछ मामलों में बेहद खास होने वाला है। देश के ज्योतिषियों द्वारा तैयार किए गए राशिफल व गणना के हिसाब से वृषभ राशि के जातकों के लिए साल 2025 की सटीक व संपूर्ण भविष्यवाणी देने की तैयारी है। इसमें आप जान सकते हैं कि आने वाले साल में आपकी नौकरी, आपका व्यवसाय, आपका करियर और आपके घरेलू व पारिवारिक जीवन में क्या बदलाव हो सकते हैं। साथ ही अगर कोई गड़बड़ होने वाली है तो उससे कैसे बचा जा सकता है। तो आइए जानने की कोशिश करते है कि ज्योतिष व राशिफल के जानकार हनुमान मिश्र ने वृषभ राशि के लिए क्या-क्या जानकारी दी है…
साल 2025 में ऐसा रहेगा आपका स्वास्थ्य
वृषभ राशि के लोगों के लिए साल 2025 स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से अन्य सालों की अपेक्षा बेहतर व अनुकूल रहेगा। इस साल इस राशि के लोगों को कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या के योग नजर नहीं आ रहे हैं। अगर कुछ होगा तो वह केवल साल के पहले दो महीने में हो सकता है। मार्च के बाद जब शनि का गोचर आपके लाभ भाव में हो जाएगा, उसके बाद से समस्याएं और भी कम हो जानी चाहिए। हालांकि जिन लोगों को हृदय या फेफड़ों से संबंधित कोई परेशानी पहले से ही है उन्हें इन शुरुआती महीनों में कुछ परेशानी रह सकती है, लेकिन इसके बाद शनि का प्रभाव चतुर्थ भाव से समाप्त हो जाएगा। हालांकि मई के बाद से चतुर्थ भाव में केतु का प्रभाव शुरू हो जाएगा। अतः छोटी-मोटी विसंगतियां उस अवधि में भी रह सकती हैं, लेकिन बड़ी समस्याओं के कम होने से आप राहत की सांस ले सकेंगे। इसके अलावा यदि आप योग व्यायाम इत्यादि करते रहेंगे, साथ ही साथ शुद्ध और सात्विक भोजन लेते रहेंगे तो मई मध्य के बाद बृहस्पति ग्रह की अनुकूलता आपके स्वास्थ्य को और भी अच्छा करने में मददगार बनेगी और आप तुलनात्मक रूप से बेहतर स्वास्थ्य का आनंद ले सकेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
ममता बनर्जी ने नहीं दिया इस्तीफा तो राज्यपाल ने भंग की विधानसभा, बंगाल में नई सरकार बनाने का रास्ता साफ
Celina Jaitly Son Grave: सेलिना जेटली बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोईं, भावुक वीडियो देखकर टूट गया फैंस का दिल
कुंभ के नाम पर किसानों की जमीन हड़पना कौनसा धर्म है? संजय राउत का सरकार पर तीखा प्रहार!
अमेरिका में एशियाई सुई वाली चींटी का आतंक: एक डंक और जा सकती है जान, जानें कितनी खतरनाक है ये प्रजाति
साल 2025 में शिक्षा की स्थिति
वृषभ राशि वालों के लिए शिक्षा के दृष्टिकोण से साल 2025 सामान्य तौर पर अनुकूल रह सकता है। साल की शुरुआत से लेकर मई महीने के मध्य तक उच्च शिक्षा का कारक बृहस्पति प्रथम भाव में स्थित होकर पंचम तथा नवम भाव को दिखेगा। फलस्वरुप आप शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा कर सकेंगे। वहीं मई मध्य के बाद बृहस्पति दूसरे भाव में जाकर सकारात्मक ऊर्जा के लेवल को और बढ़ा सकते हैं। आपके आसपास का माहौल शिक्षा के दृष्टिकोण से और अच्छा हो सकता है। घर परिवार के लोग भी आपको पढ़ाई लिखाई के मामले में प्रोत्साहित करते हुए देखे जा सकेंगे। बुध ग्रह का गोचर भी कुछ-कुछ समय के लिए थोड़ा बहुत कमजोर रहेगा लेकिन अधिकांश समय अच्छे परिणाम देना चाहेगा। यही कारण है कि इस वर्ष आप शिक्षा के मामले में काफी अच्छा कर सकते हैं। इसके बावजूद भी चतुर्थ भाव पर साल की शुरुआत में शनि तथा बाद में केतु के प्रभाव को देखते हुए मन को उद्विग्न होने से रोकने की जरूरत रहेगी। यानी शांत होकर अध्ययन पर फोकस करेंगे तो इस वर्ष आप काफी अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे।
साल 2025 में व्यापार के अच्छे परिणाम
वृषभ राशि के लोगों के लिए 2025 में व्यापार व व्यवसाय अनुकूलता प्रदान करेगा। साल 2025 का अधिकांश समय अनुकूल परिणाम देता हुआ प्रतीत हो रहा है। साल की शुरुआत से लेकर मार्च तक आपके कर्म स्थान का स्वामी शनि आपके कर्म स्थान पर ही विराजमान रहेगा, जो आपके कर्मों के अनुसार आपको अच्छे परिणाम देना चाहेगा। हालांकि शनि आवश्यकता से अधिक मेहनत ले सकता है लेकिन व्यापार व्यवसाय को आगे बढ़ने का काम करेगा। ऐसे में भले ही धीमा सही लेकिन आपका व्यापार व्यवसाय आगे बढ़ेगा, उन्नति करेगा। वहीं मार्च के बाद दशम भाव के स्वामी का लाभ भाव में पहुंचना काफी अच्छे और सकारात्मक परिणाम दिलाना चाहेगा। आप अपने व्यापार व्यवसाय में काफी अच्छा कर सकेंगे। बृहस्पति का प्रभाव भी दशम भाव में होकर आपके व्यापार व्यवसाय को नई ऊंचाइयां देना चाहेगा। अर्थात साल 2025 वृष राशि वाले लोगों की व्यापार व्यवसाय के लिए काफी अच्छे परिणाम दे सकता है।
साल 2025 में ऐसे चलेगी आपकी नौकरी
वृषभ राशि वाले ऐसे लोग जो नौकरी करते हैं, उनके लिए नया साल काफी अच्छा होगा। नए जगह पर स्विच करके भी आप बेहतर काम की शुरुआत कर सकते हैं। गणना के हिसाब से साल 2025 आपके लिए अच्छा कहा जाएगा। आपके छठे भाव का स्वामी शुक्र इस साल ज्यादातर आपकी नौकरी में मददगार बनना चाहेगा। वहीं मुख्य ग्रहों के गोचर को देखें तो दशम भाव का स्वामी साल की शुरुआत से लेकर मार्च तक दशम भाव में रहेगा, जो काम के प्रेशर को बढ़ा सकता है लेकिन काम संपन्न होने के अच्छे योग रहेंगे। आपके वरिष्ठ आपके कामों में कमियां निकालने के बावजूद भी आंतरिक रूप से आपकी कार्यशैली से प्रभावित व प्रसन्न भी रह सकते हैं। मई मध्य के बाद बृहस्पति का गोचर आपके छठे तथा दशम भाव को प्रभावित करेगा। यहां से भी नौकरी में अच्छे परिणाम मिलने की संभावनाएं मजबूत होंगी। यदि आप नौकरी में बदलाव करना चाहेंगे तो यह साल आपको बेहतर प्लेसमेंट करवाने में मददगार भी बन सकता है। यद्यपि आपके कुछ सहकर्मी आपसे प्रतिस्पर्धात्मक या ईर्ष्या वाले भाव रख सकते हैं लेकिन इससे आपकी जॉब पर कोई विशेष नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। आप अपने कर्मों के अनुसार अपनी नौकरी में अच्छे परिणाम प्राप्त करते रहेंगे।
साल 2025 में मजबूत होगा आर्थिक पक्ष
वृषभ राशि वालों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से भी साल 2025 अच्छे होने के संकेत दे रहे हैं। वृष लग्न या वृष राशि वाले लोगों के लिए अच्छा रह सकता है। साल की शुरुआत से लेकर मई महीने के मध्य तक आपके लाभ भाव का स्वामी प्रथम भाव में जाकर लाभ और प्रथम भाव का अच्छा कनेक्शन जोड़ेगा, जो लाभ करवाने की दृष्टिकोण से अच्छा कहा जाएगा। अर्थात साल की शुरुआत से लेकर मई मध्य तक आप अपनी मेहनत के अनुरूप अच्छा लाभ प्राप्त करके अपने आर्थिक पक्ष को मजबूत कर सकेंगे। वहीं मई मध्य के बाद लाभ भाव का स्वामी धन भाव में पहुंचेंगे, जो न केवल लाभ करवाने में मददगार बनेंगे, बल्कि आप अच्छी बचत भी कर सकेंगे। वृषभ राशिफल 2025 के अनुसार, धन भाव के स्वामी बुध का गोचर भी अधिकांश समय आपका फ़ेवर ही करना चाहेगा। अर्थात आर्थिक मामले में साल 2025 ज्यादातर समय आपके लिए अनुकूल परिणाम देना चाहेगा। इस तरह से इस वर्ष आप अपने आर्थिक पक्ष को मजबूत बनाए रख सकेंगे।
ऐसी चलेगी प्यार करने वालों की लव लाइफ़
वृषभ राशि वालों के लिए साल 2025 आपकी लव लाइफ के लिए मिले-जुले परिणाम दे सकती है। साल की शुरुआत से लेकर मई महीने तक आपके पंचम भाव में केतु विराजमान रहेंगे, जो बीच-बीच में प्रेम संबंध में गलतफहमियां उत्पन्न करने का काम करेंगे। हालांकि इन सबके बीच अनुकूल बात यह रहेगी की लगभग उसी समय तक अर्थात मई महीने के मध्य तक बृहस्पति देव पंचम दृष्टि से आपके पंचम भाव को देखेंगे और उस गलतफहमी को जल्द से जल्द दूर करवाना चाहेंगे। अर्थात प्रेम संबंध में कुछ दिक्कतें तो आएंगी लेकिन जल्दी ही दूर भी हो जाएंगी। मई महीने के मध्य भाग के बाद बृहस्पति का गोचर दूसरे भाव में हो जाएगा और केतु का गोचर चतुर्थ भाव में हो जाएगा इस तरह से गलतफहमियों का लेवल कम होगा, लेकिन उस समय शनि का प्रभाव पंचम भाव पर रहेगा। अतः सामान्य लेवल की गलतफहमियां तो दूर हो जाएगी। लेकिन वास्तव में की गई गलतियां नुकसान दे सकती हैं। कहने का तात्पर्य है कि यदि आप सच्चा प्रेम करते हैं तो इस वर्ष आपको कोई परेशानी नहीं होगी बल्कि सब कुछ ठीक-ठाक बना रहेगा। वहीं प्रेम के प्रति समर्पण के भाव न होने की स्थिति में या प्रेम का दिखावा मात्र करने की स्थिति में मार्च के बाद शनि देव प्रेम संबंधों में परेशानियां दे सकते हैं लेकिन यदि आप सच्चा प्रेम करते हैं तो आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
ऐसा होगा आपका वैवाहिक जीवन
वृषभ राशि वालों के लिए विवाह की संभावनाएं बनेंगी। यदि आपकी उम्र विवाह की हो चुकी है और आप विवाह के लिए प्रयत्न भी कर रहे हैं तो यह साल इस मामले में आपको अच्छे परिणाम दे सकता है। साल की शुरुआत से लेकर मई महीने के मध्य तक बृहस्पति देव आपके पहले भाव में रहकर आपके पंचम तथा सप्तम भाव को देखेंगे। जो विवाह करवाने के लिए अनुकूल स्थितियां कही गई हैं। अर्थात सगाई के लिए या फिर विवाह के लिए यह गोचर अनुकूल माना जाएगा। विशेषकर प्रेम विवाह की इच्छा रखने वाले लोगों की मनोकामना पूर्ति भी हो सकती है। वहीं मई महीने के मध्य के बाद बृहस्पति का गोचर आपके दूसरे भाव में होकर पारिवारिक लोगों की संख्या बढ़ाने का काम करेगा। यह स्थिति भी विवाह करवाने में मददगार बनेगी लेकिन मई मध्य के बाद ज्यादातर मामलों में विवाह परिजनों की मर्जी या सहमति से होने की संभावनाएं अधिक रहेंगी। वहीं वैवाहिक जीवन के लिए भी इस वर्ष को सामान्य तौर पर अनुकूल कहा जाएगा। विशेषकर मार्च महीने के बाद जब शनि का प्रभाव सप्तम भाव से दूर हो जाएगा, उसके बाद दांपत्य जीवन अपेक्षाकृत ज्यादा अच्छा रह सकता है।
पारिवारिक व गृहस्थ जीवन
वृषभ राशि वालों के लिए पारिवारिक मामलों में साल 2025 सामान्य तौर पर अच्छे परिणाम देता हुआ प्रतीत हो रहा है। पारिवारिक संबंधों का कारक ग्रह बृहस्पति साल की शुरुआत से लेकर मई महीने के मध्य तक आपके पहले भाव में रहेगा, जो आपके संबंधों को परिजनों के साथ प्रगाढ़ करने में मददगार बनेगा। लोग आपके व्यक्तित्व से प्रभावित होंगे। आपकी राय को मानेंगे। आप भी परिजनों की राय के अनुसार चलने की कोशिश करेंगे। वहीं मई महीने के मध्य के बाद दूसरे भाव में बृहस्पति का गोचर पारिवारिक संबंधों में और प्रगाढ़ता देने का काम कर सकता है। इस तरह से हम कह सकते हैं कि लगभग पूरा साल ही पारिवारिक संबंधों के दृष्टिकोण से अच्छा है।वृषभ राशिफल 2025 के अनुसार, गृहस्थ संबंधी मामलों की बात की जाए तो इस मामले में साल 2025 मिले-जुले परिणाम दे सकता है। बीच-बीच में कुछ परेशानियां भी देखने को मिल सकती हैं। साल की शुरुआत से लेकर मार्च के महीने तक शनि का प्रभाव चतुर्थ भाव पर रहेगा। वहीं मई के बाद केतु का प्रभाव चतुर्थ भाव पर रहेगा। ये दोनों ही स्थितियां गृहस्थ जीवन में कुछ विसंगतियां दे सकती हैं। अतः गृहस्थ संबंधी मामलों में इस वर्ष सावधानी पूर्वक निर्वाह करने की आवश्यकता रहेगी।
मेष राशि का पूरे साल का राशिफल जानने के लिए यहां क्लिक करें..
भूमि, भवन, वाहन का कितना सुख
वृषभ राशि वालों के लिए भूमि और भवन से संबंधित मामले में यह साल तुलनात्मक रूप से कुछ कठिनाई भरा रह सकता है। साल की शुरुआत से लेकर मार्च के महीने तक आपके चतुर्थ भाव, जहां पर सूर्य ग्रह की राशि सिंह राशि होती है; वहां पर शनि की दृष्टि रहेगी। जो जमीन जायदाद से संबंधित मामलों में कुछ कठिनाई दे सकती है। यदि इस वर्ष कोई भूखंड या जमीन इत्यादि खरीद रहे हैं तो बेहतर होगा कि उसके बारे में अच्छी तरह से पड़ताल कर ली जाय। किसी भी तरीके की विवादित जमीन न खरीदी जाए जिससे कि परेशानियों से बचा जा सके। घर बनवाने के लिए भी इस साल को बहुत अच्छा नहीं कहा जाएगा लेकिन पुराने घर की मरम्मत करवाने के लिए या घर को सजाने के लिए साल सपोर्ट कर सकता है। वहीं वाहन के दृष्टिकोण से भी लगभग ऐसे ही परिणाम मिल सकते हैं। अर्थात आप अपने पुराने वाहन को और बेहतर स्थिति में करवा सकते हैं। यानी वाहन सुधरवा सकते हैं या वाहन को मॉडीफाई करवा सकते हैं लेकिन नए वाहन खरीदने इत्यादि से बचना समझदारी का काम होगा।
इसके साथ ही साथ साल 2025 में वृषभ राशि वालों के लिए कुछ खास उपाय हैं, जिनसे बिगड़े काम बन सकते हैं…
- वृषभ राशि वालों के लोगों को अगर कोई परेशानी सता रही है तो आपको नियमित रूप से या अपनी सुविधा के अनुसार साप्ताहिक रूप से गोसेवा की योजना बनाकर कम से कम एक घंटे की सेवा का समय निकालना होगा।
- शरीर पर चांदी की कोई वस्तु धारण करने की सलाह लें, ऐसा करके नकारात्मक प्रभावों से बच जाएंगे।
- अपने पंसदीदा मंदिर में जाकर थोड़ी देर ध्यान लगाएं और वहां पर हर तीसरे महीने मिष्ठान्न या गुड़ से बनी वस्तुएं दान करने की कोशिश करें।
