
प्रतीकात्मक तस्वीर- मौसम अपडेट
मौसमः देश में 24 मई को मानसून की एंट्री के बाद यह 17 राज्यों में दस्तक दे चुका है। सिर्फ छह दिनों में देश में अब तक 33% ज्यादा बारिश हो चुकी है। गुरुवार को यह पूर्वोत्तर के बचे हिस्से और फिर सिक्किम पार कर पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों में पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून पर एक हफ्ते से 10 दिन का ब्रेक लग सकता है, जिससे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का इंतजार बढ़ सकता है।
गौरतलब है कि पूरा उत्तर भारत इस गर्मी से परेशान है। सूर्य देवता आसमान से आग बरसा रहे हैं। ऐसे बारिश का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि छिटपुट बारिश से थोड़ी बहुत राहत मिल जाती है, लेकिन धरती की प्यास नहीं बुझ रही है। मौसम विभाग ने राजस्थान में अगले सप्ताह आंधी चलने व बारिश का अनुमान लगाया है।
IMD एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में अगले सप्ताह आंधी चलने व बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। राज्य में शुक्रवार को अधिकतम तापमान जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 31 मई से एक जून के दौरान आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर आंधी बारिश दर्ज होने की संभावना है।
हालांकि, अगले सप्ताह यानी दो जून से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और 2-4 जून के दौरान दोपहर बाद गरज के साथ बौछारें पड़ने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश होने की प्रबल संभावना है। आगामी 4-5 दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। वहीं, शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 42.4 डिग्री, बीकानेर में 42.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.4 डिग्री, जोधपुर में 40.4 डिग्री व फलोदी में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर सहित अनेक इलाकों में हल्के बादल छाए रहने व हवा चलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।






