पंजाब की AAP सरकार को बड़ा झटका! कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ED की हिरासत में, जानें क्या है पूरा मामला
Sanjeev Arora Arrest: पंजाब की आप सरकार को बड़ा झटका लगा है। ED ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को 100 करोड़ रुपये के कथित फर्जी जीएसटी बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है।
- Written By: अमन उपाध्याय
संजीव अरोड़ा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Sanjeev Arora ED Raid News In Hindi: पंजाब की राजनीति में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भगवंत मान सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी GST खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में की गई है। अधिकारियों के अनुसार, अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर करीब सात घंटे तक चली लंबी छापेमारी और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
पांच ठिकानों पर एक साथ रेड
केंद्रीय एजेंसी ने शनिवार सुबह से ही संजीव अरोड़ा और उनसे जुड़ी इकाइयों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अधिकारियों ने जानकारी दी कि छापेमारी की यह कार्रवाई कुल पांच परिसरों में की गई।
इसमें चंडीगढ़ में मंत्री का आधिकारिक आवास, दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम स्थित परिसर शामिल थे। बताया जा रहा है कि ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ नामक कंपनी के ठिकानों पर भी ईडी की टीमों ने तलाशी ली। यह पूरी कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत दर्ज एक नए मामले के आधार पर की गई है।
सम्बंधित ख़बरें
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापा, 20 गाड़ियों से पहुंची ED की भारी भरकम टीम, जानें क्या है पूरा मामला
Saurabh Sharma RTO Case: लोकायुत्क की गलती से मिली सौरव शर्मा को जमानत ED की सालाना रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
BSF हेडक्वार्टर धमाके के बाद स्कूल में बम! जालंधर में मचा हड़कंप, सीएम मान को भी मिली जान से मारने की धमकी
माफी मांगें या कोर्ट चलें! BJP महासचिव ने CM भगवंत मान को भेजा मानहानि का नोटिस, पंजाब में मचा सियासी हड़कंप
क्या है पूरा मामला?
संजीव अरोड़ा पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी बिलों के जरिए हेरफेर करने और मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर आरोप है। इससे पहले अप्रैल में भी ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत अरोड़ा और उनसे संबंधित संस्थाओं पर छापेमारी की थी।
62 वर्षीय संजीव अरोड़ा लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक हैं और मान सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में उनके बेटे की भी गिरफ्तारी की सूचना मिल रही है।
भगवंत मान ने केंद्र को घेरा
मंत्री की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। संगरूर में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान मान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध के लिए ED और CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी राज्यों, चाहे वह महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल या बिहार हो सभी को इसी तरह निशाना बनाया जा रहा है और अब पंजाब उनके निशाने पर है। उन्होंने इन एजेंसियों के राजनीतिकरण किए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
विपक्ष और सरकार के बीच तकरार तेज
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी ने पंजाब की सियासत में गर्माहट बढ़ा दी है। आम आदमी पार्टी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है, वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।
यह भी पढ़ें:- पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापा, 20 गाड़ियों से पहुंची ED की भारी भरकम टीम, जानें क्या है पूरा मामला
ईडी की यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबियों तक पहुंच चुकी है, जिससे आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में और अधिक टकराव होने की संभावना है। फिलहाल, ईडी मंत्री से पूछताछ कर रही है ताकि घोटाले की गहराई तक पहुंचा जा सके।
