
मोहाली में इमारत ढहने की घटना (सौजन्यः सोशल मीडिया)
मोहाली: पंजाब के मोहाली में शनिवार 3 मंजिला इमारत के मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं 5 अन्य के मलबे में दबे रहने की जानकारी है। राहत और बचाव कार्य पूरी रात से अभी तक जारी है।
हादसे में दृष्टि वर्मा (20) पुत्री स्वर्गीय भगत वर्मा निवासी ठियोग (हिमाचल प्रदेश) की मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल ने मलबे से निकाला। उसे सोहाना अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरा मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
सेना सोहाना थाना पुलिस टीम और आसपास के लोगों की मदद से बचाव कार्य में जुटी है। एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि साहिबजादा अजीत सिंह नगर पुलिस ने बिल्डिंग मालिक परविंदर सिंह और गगनदीप सिंह निवासी चाओ माजरा के खिलाफ शनिवार रात को सोहाना थाने में बीएनएस की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों के पास खुदाई की परमिशन नहीं थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
देश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे बेसमेंट की खुदाई करते समय यह इमारत अचानक ढह गई। आसपास के लोगों के मुताबिक, जब इमारत गिरी, तब कुछ लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। इमारत में जिम भी चल रहा था। हादसे के तीन घंटे बाद एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम ने विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया। इमारत गिरने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा दिया।
वहीं बचाव कार्य में जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और एनडीआरएफ की टीमों के साथ भारतीय सेना के जवान भी लगे हुए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से भी बचाव कार्य किया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी है।






