भगवंत मान (फोटो- सोशल मीडिया)
Punajb News: पंजाब बाढ़ का कहर झेल रहा है। इस भारी तबाही के बीच राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबियत बिगड़ गई। सीएम मान को तेज बुखार के चलते मोहाली के फोर्टिस अस्पातल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की तरफ से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि सीएम मान को थकावट और दिल की धड़कन धीमी पड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है।
भगवंत मान की तबियत पिछले 2 दिनों से खराब है। इसी वजह से बाढ़ प्रभावति इलाकों में आप संजयोजक अरविंद केजरीवाल का दौरा भी टल गया था। इसके बाद चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर ही उनका इलाज चल रहा था। वहीं आज उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सीएम मान की हालत अब स्थिर है।
पंजाब में बाढ़ ने सब कुछ अस्त व्यस्त कर दिया है। राज्य में भारी नुकसान हुआ है। 24 घंटे राहत बचाव का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। 3 सिंतबर की रात को उनकी तबियत अचानक खराब हो गई। गुरुवार को उन्हें पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ गुरदासपुर जाना था, लेकिन वह नहीं गए। तब सुल्तानपुर लोधी में अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि भगवंत मान साहब की सेहत ठीक नहीं है, उन्हें ड्रिप लगी हुई है। इसके बाद मान के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे।
ये भी पढ़ें-‘जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय प्रतीक को किया कलंकित’, दरगाह के शिलापट पर अशोक स्तंभ से बवाल- Video
पंजाब में बाढ़ में मरने वालों की संख्या गुरुवार को बढ़कर 43 हो गई। राज्य के 23 जिलों के 1,655 गांवों में 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 1.71 लाख हेक्टेयर जमीन पर लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। राज्य में अगले 5 दिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इससे बाढ़ से राहत मिल सकती है।
गौरतलब है कि पहाड़ी राज्यों मे लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर भारत के कई राज्य बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। इसमें पंजाब, हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली सबसे ज्याद प्रभावित हैं। पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए कई NGO आगे आए हैं। इसके अलावा पंजाब के सेलेब्रेटी व अलग अलग पार्टियों के राजनेताओं ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।