संजय निषाद का विपक्ष पर हमला, बोले- सोनम वांगचुक खत्म करें अनशन, कांग्रेस को बताया आरक्षण विरोधी
Sanjay Nishad Statement: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने सोनम वांगचुक के अनशन, राहुल गांधी, कांग्रेस, राम मंदिर ट्रस्ट और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर विपक्ष पर निशाना साधा।
- Written By: करुणा नंद शाहवाल
संजय निषाद (सोर्स- सोशल मीडिया)
UP Sanjay Nishad Attacks Congress In Monsoon Session: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने संसद के मानसून सत्र से पहले कई राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर कहा कि उन्हें अपना आंदोलन समाप्त कर देना चाहिए। साथ ही राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने विपक्ष पर “दोहरा चरित्र” अपनाने का आरोप लगाया। संजय निषाद ने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलता है और सरकार को जनता ने जनहित व राष्ट्रहित में कानून बनाने का अधिकार दिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों की सराहना की। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने उसे आरक्षण विरोधी करार दिया और आरोप लगाया कि ऐतिहासिक फैसलों के कारण कमजोर वर्गों को नुकसान हुआ। राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की नीयत खराब हो जाए तो उसके लिए पूरी व्यवस्था को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था संबंधी नीति का समर्थन करते हुए उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित हुआ है और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मानसून सत्र से पहले विपक्ष पर हमला
संजय निषाद ने कहा कि देश संविधान से चलता है। उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार को संविधान के तहत अधिकार दिए हैं, ताकि वह जनहित और राष्ट्रहित में कानून बनाए तथा आवश्यकता पड़ने पर पुराने कानूनों में बदलाव करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में कई कानून बनाए हैं और इसके लिए उन्हें बधाई दी जानी चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
सोनम वांगचुक का मेडिकल बुलेटिन जारी, ब्लड पैरामीटर में हल्का सुधार; मेडिकल टीम रख रही लगातार निगरानी
जंतर-मंतर पर बरसे मनीष सिसोदिया! शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर सरकार को दी सीधी चुनौती,देखें VIDEO
सोनम वांगचुक कल खत्म कर देंगे अनशन अगर…पत्नी गीतांजलि का संसद मार्च से पहले बड़ा ऐलान!
जंतर-मंतर पर पूनम पांडे का बड़ा कदम! छात्रों के समर्थन में उतरीं एक्ट्रेस, सरकार से पूछे सवाल, देखें VIDEO
राहुल गांधी पर लगाया दोहरे चरित्र का आरोप
सोनम वांगचुक के मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा सरकार को घेरने संबंधी सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष का दोहरा चरित्र है। उन्होंने कहा कि उनकी राय में सोनम वांगचुक को अपना अनशन समाप्त कर देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे लोग केवल ‘एसी’ और ‘पीसी’ में फंसते हैं।
कांग्रेस को बताया आरक्षण विरोधी
मौलाना अरशद मदनी द्वारा कांग्रेस को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा, 1931 से लेकर 10 अगस्त 1950 तक कमजोर मुसलमानों को आरक्षण दिया जाता था। वे इन्हीं लोगों के जाल में फंसकर गरीब हो गए। इन उलेमाओं ने जवाहरलाल नेहरू से मिलकर उनका आरक्षण खत्म करा दिया। कांग्रेस आरक्षण विरोधी है।
राम मंदिर ट्रस्ट विवाद पर सरकार का पक्ष
राम मंदिर को लेकर निर्मोही अखाड़े द्वारा उठाई गई मांग पर उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का अर्थ विश्वास होता है। यदि दो-चार लोगों की नीयत बदल जाए तो उस पर कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन ट्रस्ट अपने आप में एक व्यवस्था और संविधान की तरह होता है।
दोषियों पर कार्रवाई की बात
संजय निषाद ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब राम मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब कांग्रेस का रुख अलग था और अब विवाद सामने आने पर उसका रुख बदल गया है। उन्होंने कहा, किसी राजमहल में चोरी हो जाए तो सजा चोर को मिलेगी। अपराधी चोर है, राजा या राजमहल नहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें- ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं! खरगे और राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी को लिखा खत, राम मंदिर मामले पर अब उठाई आवाज
योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की तारीफ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा माफियाओं पर दिए गए बयान का समर्थन करते हुए संजय निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। पहले लोग तलवार के बल पर चलते थे, जबकि अब व्यवहार और संस्कार के साथ त्योहार मनाए जाते हैं।
