राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल की ओर से आयोजित कक्षा बारहवीं की परीक्षा मंगलवार से शांतिपूर्ण वातावरण में शुरू हुई। पहला पेपर अंग्रेजी का था। विद्यार्थियों ने पेपर आसान होने का दावा किया है। फिलहाल कहीं से भी किसी तरह की शिकायतें नहीं आईं। हालांकि वर्धा में 2 नकल के प्रकरण सामने आए हैं। नागपुर विभाग से इस साल 6 जिलों में कुल 1 लाख 58 हजार 537 परीक्षार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण किया था। विभाग के भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गड़चिरोली, वर्धा, नागपुर जिलों के कुल 504 केंद्रों पर परीक्षा ली गई। शहर के डॉ. आंबेडकर महाविद्यालय, शिवाजी विज्ञान महाविद्यालय, धरमपेठ साइंस, धनवटे कॉलेज आदि परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से परीक्षार्थियों की भीड़ थी।