महावितरण (फाइल फोटो)
Mahavitran Recovery Drive: बिजली बिल की बकाया राशि शून्य करने के लिए चलाए जा रहे वसूली अभियान को महावितरण ने तेज कर दिया है। लगातार नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले करीब 27 हजार बकायेदार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। मुख्य अभियंता अशोक सालुंके ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे तुरंत बकाया और चालू बिल जमा करें, अन्यथा ऐसी कार्रवाई से बचा नहीं जा सकेगा।
अमरावती परिमंडल में घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य लघु दाब श्रेणी के कुल 3 लाख 17 हजार 921 उपभोक्ताओं पर करीब 714 करोड़ 5 लाख रुपये की बकाया राशि है। इसमें अमरावती जिले के 1 लाख 52 हजार 115 उपभोक्ताओं पर 266 करोड़ 79 लाख रुपये, जबकि यवतमाल जिले के 1 लाख 65 हजार 806 उपभोक्ताओं पर 447 करोड़ 26 लाख रुपये बकाया है।
महावितरण के अस्तित्व के लिए बिजली बिल की वसूली अत्यंत आवश्यक होने के कारण जनवरी से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य अभियंता अशोक सालुंके के मार्गदर्शन में अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता, उपविभागीय व शाखा अभियंता तथा तकनीकी कर्मचारी सीधे उपभोक्ताओं से संपर्क कर वसूली का प्रयास कर रहे हैं।
महावितरण की इस सख्त कार्रवाई में 34 करोड़ 49 लाख रुपये की बकाया राशि के चलते 26 हजार 991 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए। इसमें अमरावती जिले के 10 हजार 350 उपभोक्ताओं पर 11 करोड़ 71 लाख रुपये, जबकि यवतमाल जिले के 16 हजार 641 उपभोक्ताओं पर 23 करोड़ 78 लाख रुपये बकाया है।
यह भी पढ़ें – चंद्रपुर जिले के 54 गांवों का पानी बना ‘जहर’; जांच रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा, जानें आपके गांव का हाल
वित्तीय वर्ष समाप्त होने में कम समय बचा है, इसलिए भुगतान न करने वाले क्षेत्रों में सामूहिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद भी ली जाएगी। कार्रवाई के दौरान बकायेदारों के मीटर हटाए जा रहे हैं और मीटर हटाने के बाद यदि अवैध बिजली उपयोग पाया गया, तो संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए छुट्टी के दिनों में भी वसूली अभियान जारी रखा गया है। साथ ही बिल भुगतान केंद्र और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। महावितरण ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बकाया और चालू बिजली बिल तुरंत जमा कर संभावित परेशानी से बचें।