यवतमाल न्यूज
Water Contamination Report Maharashtra: यवतमाल ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। फरवरी 2026 में किए गए पानी के नमूनों की जांच में जिले के 59 स्थानों का पानी दूषित पाया गया है। यह खुलासा जिला परिषद के पानी व स्वच्छता मिशन के अंतर्गत की गई जांच रिपोर्ट में हुआ है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी जिले की सभी ग्राम पंचायतों के अंतर्गत पेयजल स्रोतों के रासायनिक और जैविक नमूनों की जांच की गई। फरवरी माह में 1209 गांवों से कुल 2287 पानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में भेजे गए थे। हाल ही में प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इनमें से 59 नमूने दूषित पाए गए, जबकि 113 नमूनों की जांच प्रक्रिया अभी जारी है।
दूषित पानी से संभावित जलजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पेयजल का नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर से शुद्धिकरण, नलों की मरम्मत, वाल्व दुरुस्ती और पानी की टंकियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही गांवों में स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी शुद्ध करने के लिए उपयोग किए जाने वाले ब्लीचिंग पाउडर में 33% क्लोरीन होना आवश्यक होता है। हालांकि जांच में कलंब, नेर, पुसद, उमरखेड और यवतमाल क्षेत्रों में इस्तेमाल किए जा रहे ब्लीचिंग पाउडर में 20% से भी कम क्लोरीन पाया गया, जो चिंता का विषय है। मार्च के तीसरे सप्ताह में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे में जिले के कई हिस्सों में जलसंकट गहराने लगा है।
इसके साथ ही दूषित पानी की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। जांच रिपोर्ट के अनुसार घाटंजी में सबसे ज्यादा 14 नमूने दूषित पाए गए, जबकि महागांव में 9, उमरखेड और वणी में 8-8, नेर में 7, झरी जामणी में 5 तथा कलंब और पुसद में 4-4 नमूने दूषित मिले हैं।
यह भी पढ़ें – अशोक खरात का पैर धोने वाली रूपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा, CM फडणवीस ने सफाई सुनने से किया इनकार
जिला साथरोग अधिकारी डॉ. स्मिता पेटकर ने बताया कि दूषित जल स्रोतों का शुद्धिकरण कर पुनः जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि समय रहते उपाय करने से जलजनित बीमारियों को रोका जा सकता है।
| क्रमांक | तहसील | गांव | नमूने | दूषित नमूने |
|---|---|---|---|---|
| 1 | आर्णी | 85 | 181 | 0 |
| 2 | बाभुलगांव | 66 | 141 | 0 |
| 3 | दारव्हा | 86 | 131 | 0 |
| 4 | दिग्रस | 42 | 33 | 0 |
| 5 | घाटंजी | 80 | 145 | 14 |
| 6 | कलंब | 61 | 142 | 4 |
| 7 | महागांव | 78 | 134 | 9 |
| 8 | मारेगांव | 56 | 91 | 0 |
| 9 | नेर | 52 | 184 | 7 |
| 10 | पांढरकवड़ा | 83 | 163 | 0 |
| 11 | पुसद | 120 | 169 | 4 |
| 12 | रालेगांव | 73 | 159 | 0 |
| 13 | उमरखेड़ | 92 | 135 | 8 |
| 14 | वणी | 101 | 149 | 8 |
| 15 | यवतमाल | 89 | 328 | 0 |
| 16 | झरी जामणी | 45 | 71 | 5 |