Wardha News: वर्धा में बारिश से खरीफ फसलों को राहत, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Wardha Weather: वर्धा जिले में लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों को राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में औसतन 18.04 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
wardha rain yellow alert kharif crops relief
वर्धा बारिश- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Wardha Rain Update: लंबे समय के बाद जिले में बारिश ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। 20 जुलाई से लगातार रिमझिम वर्षा होने से अंकुरित खरीफ फसलों को नई संजीवनी मिली है। पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 18.04 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इस बीच नागपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय वेधशाला केंद्र ने वर्धा जिले के लिए अगले दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है।

जून के अंतिम सप्ताह और जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश होने से जिले के किसानों ने खरीफ बुआई का कार्य तेज़ी से पूरा किया था। कृषि विभाग के अनुसार जिले में लगभग 92 प्रतिशत बुआई पूरी हो चुकी है। हालांकि बीच में बारिश थम जाने से खेतों में अंकुरित फसलें पानी के अभाव में मुरझाने लगी थीं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी।

किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई

अब लगातार हो रही हल्की बारिश से फसलों को राहत मिली है और किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। इसके बावजूद भूजल स्तर और जिले के जलाशयों में जलभराव अभी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों को अब भी अच्छी एवं लगातार बारिश का इंतजार है।

2 मंडलों में अतिवृष्टि दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में औसतन 18.04 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इनमें देवली तहसील के विजयगोपाल मंडल में 72.08 मिमी तथा वर्धा तहसील के सालोड मंडल में 66 मिमी वर्षा दर्ज होने से इन दोनों क्षेत्रों में अतिवृष्टि की स्थिति रही।

आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर

मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन का आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क हो गया है। नदी किनारे बसे गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति में विभाग तत्काल राहत कार्य शुरू करेगा।

24 घंटे में तहसीलवार वर्षा

तहसील वर्षा (मिमी)
वर्धा 20.08
सेलू 12.01
देवली 32.07
आर्वी 7.07
आष्टी 32.09
कारंजा 21.00
हिंगनघाट 13.01
समुद्रपुर 14.01
जिले का औसत 18.04
Navbharat Live
navbharatlive.com