Wardha: थर्टी-फर्स्ट पर 11 के खिलाफ FIR, नशे में वाहन चलाना पड़ा महंगा, 200 वाहनचालकों पर शिकंजा

Wardha Police Action: वर्धा में थर्टी-फर्स्ट पर पुलिस का एक्शन के दौरान 11 पर FIR, 200 से अधिक चालकों पर कार्रवाई। शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, मोटरसाइकिलें जब्त।
Wardha Police Action Drunk Driving Wardha
वर्धा ट्रैफिक पुलिस एक्शन (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

31st December Night Wardha: वर्धा जिले में 31 दिसंबर की रात और नववर्ष के स्वागत के दौरान पुलिस ने नशे में वाहन चलाने के मामले में कड़ी कार्रवाई की। जिला पुलिस ने यातायात विभाग की मदद से 200 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की, जिसमें 11 आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया और उनकी मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पुलिस द्वारा यह चेतावनी दी गई थी कि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन न चलाए। फिर भी, 31 दिसंबर व 1 जनवरी को नशे में वाहन चलाने की घटनाओं में कमी नहीं आई और कई लोग इस चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए वाहन चलाते हुए पाए गए। इस दौरान पुलिस ने वर्धा जिले के विभिन्न चौकों पर नाकाबंदी की थी और मेडिकल जांच कर शराब पीने की पुष्टि की।

11 चालकों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि नशे में वाहन चलाने वालों में कई आरोपी ऐसे थे, जिनके रक्त में शराब का स्तर पाया गया। इन आरोपियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। 11 वाहन चालकों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर उनकी मोटरसाइकिलें पुलिस ने जब्त कर ली। इसमें गजानन सिताराम चव्हाण, रणधीर प्रभाकर रननवरे, आकाश चिंधुजी गुरनुले, संजय चंद्रभान मडावी, आशिष सुधाकर खेलकर, राहुल प्रकाश जाधव, सागर रंगराव शेंद्रे, आकाश धर्मेश आत्राम, कुंदन दिलीप पेद्दाम, आशिष दिनकर कोरडे का समावेश है।

विभाग ने 31 दिसंबर व 1 जनवरी को चलाई मुहिम

  • कार्रवाई में मोटरसाइकिलें की गई जब्त
  • विभिन्न चौकों पर की गई नाकाबंदी
  • कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों की हुई मेडिकल जांच
  • आरोपियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई

यह विशेष मुहिम पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के निर्देश पर यातायात विभाग प्रमुख विलास पाटिल के मार्गदर्शन में चली। पुलिस ने एक बार फिर सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

इसके अलावा, अति गति से वाहन चलाना, लायसेंस न होना और ट्रिपल सीट वाहन चलाना, भिड़भाड़ वाली जगह से रफ्तार से वाहन दौड़ाना सहित विविध यातायात नियमों के उल्लंघन में भी 200 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने की जानकारी यातायात विभाग ने दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com