BJP Ulhasnagar Seats:उल्हासनगर महानगरपालिका चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Ulhasnagar Municipal Election Results: उल्हासनगर महानगरपालिका के आम चुनाव लगभग साढ़े आठ वर्ष के लंबे अंतराल के बाद संपन्न हुए। गुरुवार को हुए मतदान और शुक्रवार को हुई मतगणना में मतदाताओं ने भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना को जबरदस्त समर्थन दिया। दोनों ही दलों ने यह चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ा था। शिवसेना ने स्थानीय टीम ओमी कालानी (टीओके) और साईं पार्टी के साथ गठबंधन कर मैदान में उतरने का फैसला किया था, जबकि भाजपा अकेले दम पर चुनावी रण में उतरी।
78 सीटों वाली उल्हासनगर महानगरपालिका में भाजपा ने 37 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरने में सफलता हासिल की। वहीं शिवसेना (टीओके-साईं गठबंधन) ने भी 37 सीटें जीतकर बराबरी की स्थिति बना ली। बहुमत के लिए 40 सीटों की आवश्यकता है। इसके अलावा वंचित बहुजन आघाड़ी ने 2 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 1 सीट पर जीत दर्ज की, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार सविता तोरणे रगड़े ने हासिल की। इस चुनाव में उत्तर भारतीय समाज के दो उम्मीदवार भी विजयी हुए हैं। इनमें संजय सिंह उर्फ चाचा और सुचित्रा सुधीर सिंह शामिल हैं।
पिछले करीब 20 वर्षों से शहर की राजनीति और मनपा की सत्ता में अहम भूमिका निभाने वाली स्थानीय साईं पार्टी को इस चुनाव में सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। पार्टी केवल एक ही सीट जीत पाई। पैनल क्रमांक 16 से दीप्ति दुधानी को पुनर्मतगणना (रीकाउंटिंग) के बाद विजयी घोषित किया गया। वर्ष 2017 के चुनाव में साईं पार्टी के 11 नगरसेवक निर्वाचित हुए थे।
वंचित बहुजन आघाड़ी ने 2 सीटें जीतकर मनपा में प्रवेश किया, जबकि कांग्रेस अंजली सालवे की जीत के जरिए अपना खाता खोलने में सफल रही। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में भी कांग्रेस को केवल एक ही सीट मिली थी, जो अंजली सालवे ने ही जीती थी।
साईं पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व महापौर आशा इदनानी तथा पूर्व उपमहापौर जीवन इदनानी को पराजय का सामना करना पड़ा। आरपीआई नेता और पूर्व उपमहापौर भगवान भालेराव तथा पूर्व महापौर अपेक्षा पाटिल भी चुनाव हार गए। चुनाव के ऐन वक्त पर उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना छोड़कर भाजपा में शामिल हुए धनंजय बोड़ारे को भी करारी हार झेलनी पड़ी। उनके पूरे प्रभाग में शिंदे गुट की शिवसेना के उम्मीदवार विजयी रहे।
ये भी पढ़े: ‘उद्धवजी आणि पेंग्विन ला…’, चेहरे पर हंसी और 22 सेकंड का Video, नितेश राणे ने ठाकरे का ऐसे उड़ाया मजाक