ठाणे में जल संकट (सोर्सः सोशल मीडिया)
Thane Water Crisis: मार्च महीने में ठाणे शहर का पारा 41 अंश डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। ठाणे मनपा क्षेत्र के घोडबंदर रोड सहित विभिन्न इलाकों में पानी की किल्लत लगातार बढ़ रही है। घोडबंदर के कुछ इलाकों में लोग टैंकर के पानी पर आश्रित हैं।
शहर के लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को लेकर ठाणे महानगर पालिका ने मुंबई महानगर पालिका एवं महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) से 100 मिलियन लीटर अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है।
ठाणे मनपा क्षेत्र की जनसंख्या 27.50 लाख से अधिक हो गई है। ठाणे मनपा की खुद की पानी परियोजना से 250 एमएलडी, एमआईडीसी से 135 एमएलडी, मुंबई मनपा से 90 एमएलडी एवं स्टेम वॉटर डिस्ट्रिब्यूशन एंड इंफ्रा कंपनी प्राइवेट लिमिटेड से 115 एमएलडी कुल मिला कर हर रोज 590 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति की जा रही है।
जलापूर्ति के आखिरी छोर, विशेषकर ऊंचाई पर पहाड़ियों वाले इलाकों में टैंकर से जलापूर्ति की जाती है। बताया गया कि ठाणे मनपा क्षेत्र के लिए 616 एमएलडी का कोटा मंजूर होने के बावजूद सभी चार स्रोतों से मनपा को 590 एमएलडी पानी मिल रहा है।
बताया गया कि एमएमआर में ठाणे शहर का स्थान, आधार भूत सेवा सुविधा, क्लस्टर योजना, अधिक एफएसआई की वजह से आने वाले समय में बहुत तेजी से विकास हो रहा है। वर्ष 2055 में ठाणे मनपा क्षेत्र की संभावित जनसंख्या को देखते हुए जलापूर्ति की योजना तैयार की जा रही है।
ये भी पढ़ें :- गैस सप्लाई कटौती से पुणे का होटल उद्योग संकट में, कालाबाजारी में 2500 रुपये तक बिक रहा सिलेंडर
30 साल बाद ठाणे शहर में हर रोज 1283 एमएलडी पानी की जरूरत होगी। बताया गया कि विभिन्न उपाय योजनाओं व परियोजनाओं के जरिये उस समय ठाणे शहर के लिए विभिन्न स्रोतों से 1435 एमएलडी पानी उपलब्ध होगा। फिलहाल ठाणे मनपा 100 एमएलडी पानी के लिए प्रयास तेज कर दिया है। महापालिका की तरफ से कहा गया है कि 100 एमएलडी अतिरिक्त पानी के लिए प्रयास शुरू है।