Social Media Influencer Attack In Thane: महाराष्ट्र के ठाणे जिले का मुंब्रा इलाका शनिवार तड़के गोलियों की गड़गड़ाहट से दहल उठा। यहां के प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंस्ट्रक्शन व्यवसायी नदीम मोइनुद्दीन खान, जिन्हें ‘बाबा खान’ के नाम से भी जाना जाता है, को निशाना बनाकर सशस्त्र हमला किया गया। हालांकि, ठाणे पुलिस की तत्परता और जांबाजी के चलते एक बड़े गैंगवार की साजिश को नाकाम कर दिया गया और मुठभेड़ के बाद एक खतरनाक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना शनिवार सुबह करीब 4:54 बजे की है। मुंब्रा के कौसा स्थित अल्मास कॉलोनी की अरमान को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के बाहर हमलावरों ने बाबा खान को निशाना बनाया। हमलावरों ने उनकी गाड़ी (MH 03 CN 5900) पर दो राउंड फायरिंग की और एक राउंड हवा में चलाया। गनीमत रही कि इस हमले में बाबा खान बाल-बाल बच गए, लेकिन गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।
सूचना मिलते ही बीट मार्शल और एपीआई तेजस सावंत के नेतृत्व में एक विशेष टीम मात्र 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और संदिग्ध को आचार गली के एक कबाड़ गोदाम के पास ट्रैक किया। खुद को घिरा देख आरोपी, जिसकी पहचान शाहबाद उर्फ शब्बू मुन्ना शमशाद कुरैशी (28) के रूप में हुई है, ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
ठाणे पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस और वहां मौजूद भीड़ की ओर करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण पुलिस ने बड़ी संयम बरती ताकि किसी नागरिक को चोट न आए। इस दौरान दो राहगीर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत कालसेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लंबी भागदौड़ और हाथापाई के बाद पुलिस ने शब्बू कुरैशी को जमीन पर पटक कर काबू किया। उसके पास से दो पिस्तौल, चार मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी एक पेशेवर अपराधी है, जो दिल्ली की तिहाड़ जेल में 8 साल की सजा काट चुका है और दिल्ली के जाफराबाद में भी उस पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र के बजट में स्वास्थ्य व पर्यावरण की अनदेखी! राज्य के मुकाबले BMC का हेल्थ बजट ज्यादा
फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बाबा खान पर हमले के पीछे का मकसद क्या था और इस साजिश में कौन-कौन शामिल है। घटना के बाद मुंब्रा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की जमकर सराहना की है।