ठाणे में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 5 लोग नदी में डूबे, 1 की मौत, दो लापता

Thane News: ठाणे के शाहपुर में गणेश विसर्जन के दौरान भारंगी नदी में डूबे 5 युवक, 1 की मौत, 2 को बचाया गया, 2 की तलाश जारी। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया।
Death by drowning
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Thane Ganesh Visarjan Accident: महाराष्ट्र के ठाणे के शाहपुर में गणेश विसर्जन के दौरान एक दुखद घटना घटी। यहां आसनगांव मुंडेवाड़ी स्थित भारंगी नदी के गणेश घाट पर पांच लोग पानी में डूब गए। इस हादसे में एक की मौत हो गई। वहीं दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक रामनाथ घारे (24) और भगवान वाघ (36) को तुरंत शाहपुर के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, प्रतीक मुंधे का शव जीवन रक्षक दल ने बरामद कर लिया है। जबकि दो अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है।

रात में अंधेरे के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही थी। शाहपुर पुलिस और जीवन रक्षक दल मौके पर मौजूद है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

वहीं, मुंबई-ठाणे समेत पूरे महाराष्ट्र में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के आखिरी दिन यानी शनिवार को अनंत चतुर्दशी के दिन, लोग ढोल-नगाड़ों और गुलाल उड़ाते हुए बारिश के बीच भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन करने के लिए सड़कों पर निकले।

मुंबई में 2,100 से ज़्यादा मूर्तियों को विसर्जन

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक मुंबई के विभिन्न जलाशयों में 2,100 से ज़्यादा गणपति प्रतिमाएँ विसर्जित की गईं। जैसे ही मूर्तियों को शहर के समुद्र तटों और अन्य जलाशयों पर ले जाया गया, बड़ी संख्या में लोग भव्य समापन समारोह की एक झलक पाने के लिए सड़क के डिवाइडर, इमारतों की छतों, बालकनियों, पेड़ों और खंभों पर बैठे देखे गए।

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक, 59 सार्वजनिक मंडलों और 87 देवी प्रतिमाओं सहित 2,198 गणपति प्रतिमाओं को नगर निगम द्वारा बनाए गए प्राकृतिक जलाशयों और कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किया गया।

मुंबई में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई

यात्रा मध्य मुंबई में अपने प्रतिष्ठित गणपति मंडलों के लिए प्रसिद्ध लालबाग से शुरू हुई, जहाँ तेजुकाया, गणेश गली और कई अन्य मंडलों की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि विसर्जन प्रक्रिया के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com