पुणे में दर्दनाक हादसा: निर्माण स्थल पर ईंट का ढांचा गिरने से पति-पत्नी की मौत, कई मजदूर घायल, केस दर्ज

Pune Construction Wall Collapse: पुणे के पिंपरी चिंचवड़ में एक निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हुआ। भूमिगत टैंक के लिए बना ईंटों का ढांचा ढहने से एक मजदूर दंपत्ति की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर हैं।
Pune Construction Wall Collapse
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Pune Construction Site Accident: महाराष्ट्र के औद्योगिक शहर पिंपरी चिंचवड से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां के तलवाडे इलाके में एक निर्माण स्थल पर ईंटों से बना ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे एक युवा दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है। तलवाडे स्थित एक खुले भूखंड (Plot) पर भूमिगत पानी की टंकी के निर्माण का काम चल रहा था। इसके लिए जमीन में एक गहरा गड्ढा खोदा गया था और मजदूर उसके अंदर ईंटों की दीवार खड़ी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जिस समय मजदूर गड्ढे के भीतर काम कर रहे थे, उसी दौरान ऊपर सतह पर एक जेसीबी मशीन का संचालन शुरू हुआ। मशीन के कंपन और दबाव के कारण ईंटों का वह कच्चा ढांचा अचानक ढह गया। गड्ढे में मौजूद मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

मृतकों की पहचान

पिंपरी चिंचवड में हादसे के बाद निर्माण स्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बचाव दल और पुलिस मौके पर पहुंचे। मलबे से निकाले जाने तक 30 वर्षीय सचिन शंकर राठौड़ और उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल राठौड़ की मौत हो चुकी थी। दोनों चाकन इलाके के निवासी थे और आजीविका के लिए मजदूरी करते थे। हादसे में 38 वर्षीय मनोहर भीकू चव्हाण सहित तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस की कार्रवाई

देहू रोड थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विक्रम बंसोडे ने बताया कि जमीन के मालिक ने टैंक निर्माण का ठेका एक निजी कंपनी को दिया था। प्राथमिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरणों और उचित निगरानी की कमी थी, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com