बिहार चुनाव के बाद फडणवीस देंगे इस्तीफा? मोदी-शाह सौंपेंगे बड़ी जिम्मेदारी, होगा बड़ा सियासी उलटफेर!

BJP National President Election: बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव का मामला काफी लंबा खिंच चुका है और अब भी इस सवाल का जवाब नहीं मिल पा रहा है कि पार्टी इस बारे में फैसला लेने में कितना और वक्त लेगी?
CM Fadnavis Amit Shah PM Modi
सीएम फडणवीस, गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी
Published on
Updated on

BJP New President: देश के राजनीतिक हलकों में यह सवाल एक बार फिर गूंज रहा है कि बीजेपी को उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष कब मिलेगा। यह चर्चा तेज है कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी अपने नए अध्यक्ष का ऐलान करेगी, लेकिन सवाल यह है कि पार्टी किस नेता को अध्यक्ष बनाएगी, इसको लेकर कई नाम पिछले कुछ महीनों में मीडिया में सामने आ चुके हैं।

ताजा जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे है। फडणवीस के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी इस पद के दावेदारों की सूची में शामिल हैं। यह सवाल भी लगातार उठ रहा है कि आखिर बीजेपी, जिसे कार्यकर्ता आधारित पार्टी माना जाता है, उसे अध्यक्ष का चयन करने में इतना समय क्यों लग रहा है?

RSS की प्रमुख भूमिका

बिहार भाजपा के प्रमुख नेताओं की अमित शाह के साथ बैठक में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। इसलिए बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में बड़ी सावधानी बरती जा रही है और यह भी माना जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की राय इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हालांकि, सार्वजनिक तौर पर मोहन भागवत संघ के हस्तक्षेप को नकार चुके हैं।

फडणवीस का नाम सबसे आगे

मीडिया में आई रिपोर्ट्स के अनुसार, फडणवीस को बिहार विधानसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जा सकता है। फडणवीस इस पद के लिए अपेक्षाकृत युवा हैं और उन्हें आरएसएस के साथ ही पार्टी नेतृत्व का समर्थन भी हासिल है। वह ब्राह्मण समुदाय से आते हैं।

रेस में इन नेताओं का नाम

पुरुषोत्तम रुपाला गुजरात के राजकोट सीट से सांसद हैं और मोदी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और धर्मेंद्र प्रधान के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। चौहान लंबे वक्त तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, और दोनों ही ओबीसी वर्ग से आते हैं।

बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव का मामला अब काफी खिंच चुका है और अब भी यह सवाल अनुत्तरित है कि पार्टी इस मुद्दे पर निर्णय लेने में कितना और समय लेगी? फिलहाल, जेपी नड्डा पार्टी अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं और वह मोदी सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रमुख हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com