मीरारोड यौन शोषण मामला: भाजपा पार्षद पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप, सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तारी की मांग
Mira Road Minor Abuse Case: नाबालिग यौन शोषण मामले में शिवसेना ने भाजपा पार्षद अनीता पाटिल पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्हें सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार करने की मांग की है।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
शिवसेना जिला संगठन द्वारा पुलिस आयुक्त कौशिक को ज्ञापन सौंपते (सोर्सः फाइल फोटो)
Shiv Sena Demands Action In Mira Road Minor Abuse Case: ठाणे जिले के मीरा-भाईंदर में सामने आए कथित नाबालिग यौन शोषण मामले ने शहर में आक्रोश पैदा कर दिया है। शिवसेना जिला संगठक निशा नार्वेकर ने पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक को ज्ञापन सौंपकर मुख्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा भाजपा पार्षद अनीता पाटिल को मामले में सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार करने की मांग की है।
क्या है मामला?
नार्वेकर ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस को बताया है कि पीड़िता जब नगर पालिका विद्यालय क्रमांक-14 में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी, तब विद्यालय के तत्कालीन वॉचमैन दयाराम चौहान ने कथित रूप से उसे बहला-फुसलाकर यौन शोषण किया। आरोप है कि उसने पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भी बनाए तथा कई वर्षों तक उनका इस्तेमाल कर उसका शोषण करता रहा।
शिवसेना ने आरोप लगाया कि जब पीड़िता दसवीं कक्षा में थी, तब दयाराम चौहान की बहन और भाजपा पार्षद तथा महिला व बालकल्याण समिति सभापति अनीता पाटिल को पूरे मामले की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने पीड़िता की मदद करने के बजाय उसे चुप रहने की सलाह दी। मुख्य आरोपी की मृत्यु के बाद उसका भाई राजेश चौहान कथित रूप से पुराने वीडियो के आधार पर पीड़िता को फोन कर धमकाने, रास्ते में रोकने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का काम कर रहा था।
सम्बंधित ख़बरें
Nashik News: कावनई में गंगा-गोदावरी पूजन, सिंहस्थ से पहले कपिलधारा के विकास को गति
दिल्ली जाने की अटकलों पर CM देवेंद्र की दो टूक, कहा- मैं मुंबई और महाराष्ट्र में ही रहूंगा
आषाढ़ी वारी: पहली बार एयर एम्बुलेंस की सुविधा, ‘आरोग्यसंपन्न वारी’ ऐप से 1.08 लाख श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ
Thane News: बदलापुर के कालू झरने में बड़ा हादसा, तेज बहाव में बहने से दो युवकों की मौत
शिवसेना का कहना है कि यदि शुरुआती शिकायत पर उचित कार्रवाई की जाती, तो पीड़िता को वर्षों तक उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ता। इसी आधार पर अनीता पाटिल को अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सह-आरोपी बनाए जाने की मांग की गई है।
शिवसेना ने आंदोलन की दी चेतावनी
शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी की गई या किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव डाला गया, तो पार्टी जनता के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
यह भी पढ़ेः- 2 Km नियम में फंसी ठाणे के छत्रपति की 30 साल पुरानी प्रतिमा, मरम्मत के दौरान नुकसान हुआ तो जिम्मेदार कौन?
आफ़रीन सैय्यद ने उठाए नैतिकता के सवाल
महिला व बालकल्याण समिति की सभापति अनीता पाटिल के भाई पर लगे गंभीर आरोपों के बाद महाराष्ट्र प्रदेश यूथ कांग्रेस की उपाध्यक्षा व मनपा की विरोधी पक्ष नेता आफ़रीन सैय्यद ने उनसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। पत्रकार परिषद में सैय्यद ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील पद पर रहते हुए निष्पक्ष जांच और जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए इस्तीफा जरूरी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में महापौर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उन्होंने की है। आफ़रीन ने कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा और कांग्रेस व यूथ कांग्रेस न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।
