ठाणे में रेड अलर्ट (pic credit; social media)
Red Alert in Thane: ठाणे में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है और सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार देर रात से शुरू हुई बारिश ने निचले इलाकों को जलमग्न कर दिया। नवी मुंबई के कई हिस्सों में पानी भरने से रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
वहाला में तकनीकी खराबी आने से मोनोरेल बीच रास्ते में फंस गई, जिससे यात्री घंटों परेशान रहे। लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। कई जगहों पर पेड़ और दीवार गिरने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि सोमवार दिन में हल्की बारिश हुई लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
नवी मुंबई शहर इस बार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। बेलापुर और नेरुल विभाग में भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। बेलापुर में 24 घंटे में 159 मिमी और नेरुल में 138 मिमी बारिश दर्ज की गई। वाशी, कोपरखैरने और ऐरोली में भी जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में दिक्कत हुई। रेलवे स्टेशन और मुख्य सड़कों पर पानी भर जाने से ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जाने वाले नागरिकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
इसे भी पढ़ें- बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, मोनो रेल बंद, लोकल लेट, सड़कों पर लगा लंबा जाम
पनवेल के कुंभारवाड़ा इलाके में तो हालात और बिगड़ गए। लगातार हो रही बारिश से घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों का सामान खराब हो गया। स्थानीय नागरिकों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। भाजपा की पूर्व नगरसेविका रेणुका मोहकर और शिवसेना के नेता किरण कलवेकर समेत अन्य लोगों ने प्रभावित नागरिकों को चाय-नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों तक तेज हवाओं और बिजली की गरज के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों का कहना है कि समय से पहले बरपा मानसून अब विदाई के वक्त भी कहर बरपा रहा है। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में पानी-पानी के हालात ने सरकार और प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी है।