मुंबई की लाइफ लाइन पर डबल अटैक, पनवेल स्टेशन पर गिरी लिफ्ट, डोंबिवली में पटरी से उतरा कोच
Panvel Lift Crash Dombivli Train Derailment: नवी मुंबई के पनवेल स्टेशन पर गिरी लिफ्ट, 4 यात्री फंसे। दूसरी तरफ डोंबिवली के पास लोकल ट्रेन डिरेल। कोपर-कल्याण के बीच सेवाएं प्रभावित।
- Written By: अनिल सिंह
Panvel Lift Crash Dombivli Train Derailment (प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो सोर्स-AI)
Dombivli Local Train Derailment: मुंबई से सटे नवी मुंबई के पनवेल रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा तकनीकी हादसा पेश आया, जिससे स्टेशन परिसर में दहशत फैल गई। प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर लगी यात्रियों के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त लिफ्ट के भीतर चार यात्री मौजूद थे, जो इसके अचानक बंद होने और गिरने के कारण बीच में ही फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस (GRP), आरपीएफ और तकनीकी विभाग की आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
पनवेल स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की लापरवाही पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। यात्रियों का कहना है कि लिफ्ट का उपयोग अक्सर बुजुर्ग, दिव्यांग और भारी सामान लेकर चलने वाली महिलाएं करती हैं। ऐसे में लिफ्ट का अचानक गिरना किसी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता था। राहत कार्य के दौरान यात्रियों को बाहर निकालने के लिए लिफ्ट के दरवाजों को काटने और तकनीकी सहायता लेने की प्रक्रिया घंटों चलती रही, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
डोंबिवली के पास लोकल ट्रेन पटरी से उतरी
अभी पनवेल की घटना से प्रशासन जूझ ही रहा था कि सेंट्रल रेलवे के डोंबिवली स्टेशन के पास एक और दुर्घटना की खबर आई। कलवा कार शेड से कल्याण की ओर जा रही एक खाली लोकल ट्रेन का एक डिब्बा (कोच) सुबह करीब 8:09 बजे पटरी से उतर गया। गनीमत यह रही कि ट्रेन खाली थी, जिससे किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस डिरेलमेंट (Derailment) के कारण सोमवार सुबह पीक ऑवर्स के दौरान ट्रेन संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
सम्बंधित ख़बरें
भाईंदर में मर्डर केस का 3 घंटे में खुलासा, सड़ी-गली लाश की पहचान कर तीन आरोपियों को दबोचा
महाराष्ट्र के इन दो शहरों में रखा जाता है देश का सर्वाधिक सोना, जानें इन गोल्ड वॉल्ट्स में क्या खास है?
मुंबई एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए यात्री का बैग खोलते ही सन्न रह गए अधिकारी, अंदर से निकले 29 दुर्लभ विदेशी जीव
INDIA Alliance Meeting: ‘राहुल गांधी पीएम बनें और क्षेत्रीय दलों को मौका दें’, उद्धव गुट का कांग्रेस को सुझाव
ये भी पढ़ें- बाढ़ से निपटने के लिए BMC का AI दांव, डी-सिल्टिंग में फर्जीवाड़ा पकड़ने की नई तकनीक
यात्री सेवाओं पर पड़ा असर
सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, डोंबिवली के पास हुई इस घटना के कारण ‘अप’ दिशा की तीन लोकल ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा। साथ ही, डाउन लाइन पर कोपर और कल्याण के बीच सोमवार को सेवाएं पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस रुकावट के चलते ठाणे, कल्याण और डोंबिवली से मुंबई की ओर आने वाले हजारों कार्यालयीन कर्मचारियों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा।
प्रशासनिक जांच और मरम्मत कार्य
रेलवे प्रशासन ने दोनों घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी टीमों को मौके पर भेज दिया गया है ताकि पटरी से उतरे कोच को हटाया जा सके और ट्रैक की मरम्मत का काम जल्द पूरा हो। पनवेल लिफ्ट हादसे को लेकर रेलवे के रखरखाव विभाग (Maintenance Department) से जवाब मांगा गया है कि आखिरी बार लिफ्ट की सुरक्षा जांच कब की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि शाम तक सेवाओं को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।
