अंबरनाथ में दिल दहला देने वाली वारदात; मां ने बेटी की हत्या कर मौत को लगा लिया गले

Thane news: अंबरनाथ में एक महिला ने अपनी साढ़े तीन साल की बेटी को मौत के घाट उतारा और फिर खुद भी फंदे से झूल गई। इस घटना से सभी का दिल दहल गया है।
ठाणे में मां ने बेटी की हत्या (pic credit; social media)
ठाणे में मां ने बेटी की हत्या (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Mother Killed Daughter in Thane: ठाणे जिले के अंबरनाथ शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने पहले अपनी मासूम तीन साल की बेटी को मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

यह मामला शिवाजी नगर पुलिस कार्यक्षेत्र के श्रीकृष्णनगर इलाके का है। जानकारी के मुताबिक दीपक अच्छेलाल निषाद अपनी पत्नी राजकुमारी और साढ़े तीन साल की बेटी अनुष्का के साथ देवकर चाली में रहते थे। दीपक एक निजी कंपनी में काम करता है।

5 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे दीपक रोज की तरह काम पर चला गया था। अगली सुबह यानी 6 सितंबर को जब वह सुबह 9.30 बजे घर लौटा तो दरवाजा खोलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर पत्नी और बेटी मृत पड़ी थीं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजकुमारी ने पहले अपनी मासूम बेटी अनुष्का को साड़ी से फांसी पर लटका कर मार डाला और फिर उसी साड़ी का इस्तेमाल कर खुद भी फंदे से झूल गई। यह देखकर दीपक पूरी तरह टूट गया और इलाके में मातम फैल गया।

पुलिस के अनुसार राजकुमारी कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में थी। उसकी बहन धनवंती के आठ वर्षीय बेटे मुकेश की हाल ही में बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। परिवार का कहना है कि इस घटना ने राजकुमारी को भीतर तक तोड़ दिया और संभवत: इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं कोई और वजह तो इस कदम के पीछे नहीं थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजकुमारी शांत स्वभाव की महिला थी, लेकिन भांजे की मौत के बाद वह अक्सर उदास रहती थी। पुलिस भी मान रही है कि मानसिक तनाव ही इस दोहरी मौत का बड़ा कारण हो सकता है। इस घटना ने पूरे अंबरनाथ को हिला दिया है।