ठाणे में बड़े शराब तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 32 लाख की गोवा ब्रांड व्हिस्की जब्त, फार्महाउस पर चल रहा था खेल

Thane Liquor Smuggling: महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने ठाणे में छापेमारी कर अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह को पकड़ा। 32 लाख रुपये की शराब और 15 लाख के वाहन जब्त किए।
Thane Excise Department Raid Liquor Smuggling Racket Busted
शराब जब्त (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Illicit Liquor Seized In Thane: महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने ठाणे जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के एक हाई-प्रोफाइल गिरोह का पर्दाफाश किया है। पिछले चार दिनों से जारी इस सघन छापेमारी अभियान में विभाग ने लगभग 32 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की है। इस पूरी कार्रवाई में तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 15 लाख रुपये के वाहन भी जब्त किए गए हैं।

भिवंडी में आधी रात को पहली सफलता

राज्य आबकारी अधीक्षक (ठाणे) प्रवीण तांबे के अनुसार, ऑपरेशन की शुरुआत 10 मार्च की रात को हुई। गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने भिवंडी में दो संदिग्ध चार पहिया वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान वाहनों से 20 लीटर क्षमता वाले 10 पीपे और व्हिस्की की 2,000 बोतलें मिलीं। मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया और कुल 19.29 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।

ब्रांडेड बोतलों में भरी जा रही थी सस्ती शराब

जांच की कड़ियां जोड़ते हुए आबकारी विभाग टीम ने चावदार पाड़ा और कोंगांव में संदिग्ध खरीदारों और आपूर्तिकर्ताओं के ठिकानों पर छापेमारी की। यहां अधिकारियों के होश तब उड़ गए जब उन्हें शराब की 'रीफिलिंग' के एक आधुनिक सेटअप का पता चला। तस्कर 20-लीटर के पीपों से शराब निकालकर उसे प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की खाली बोतलों में भरकर बाजार में महंगे दामों पर बेच रहे थे।

फार्महाउस पर 'गोवा ब्रांड' का जखीरा

कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 12 मार्च को वैजुला क्षेत्र के एक फार्महाउस पर छापा मारा गया, जहां से व्हिस्की के 240 बक्से बरामद हुए। यह शराब केवल गोवा में बिक्री के लिए अधिकृत थी, जिसे अवैध रूप से महाराष्ट्र लाया गया था। इसके बाद 13 मार्च को भी 2.07 लाख रुपये की अतिरिक्त शराब बरामद की गई।

कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले के मुख्य आरोपी सोमा कृष्ण जाधव को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, उसके तीन अन्य साथियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धाराओं के तहत नोटिस जारी किया गया है। पडघा पुलिस थाने में महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com