‘बकरीद से पहले बवाल’, पूनम क्लस्टर में कुर्बानी शेड को लेकर चले लात-घूंसे, पुलिस छावनी में तब्दील मीरा रोड
Mira Road Bakrid Controversy: मुंबई के मीरा रोड में बकरा शेड को लेकर दो पक्षों में भारी मारपीट और हाथापाई। वीएचपी कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद पुलिस बल तैनात।
- Written By: अनिल सिंह
मीरा रोड के पूनम क्लस्टर में बकरीद से पहले भारी बवाल (फोटो क्रेडिट-X)
Poonam Cluster Society Bakrid Shed Clashes: मुंबई का पश्चिमी उपनगर मीरा रोड एक बार फिर त्योहार से ठीक पहले सांप्रदायिक संवेदनशीलता का केंद्र बन गया है। मामला पूनम क्लस्टर सोसाइटी का है, जहां मुस्लिम समुदाय के कुछ निवासियों ने आगामी बकरीद के मद्देनजर बकरों को रखने और उनकी कुर्बानी की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए परिसर के भीतर एक शेड का निर्माण किया था। सोसाइटी के अन्य आम नागरिकों और हिंदू संगठनों ने रिहायशी इलाके में इस तरह के शेड को नियमों के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई थी और इसकी लिखित शिकायत स्थानीय नगर निगम प्रशासन से की थी।
सोमवार को नगर निगम के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में इस शेड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। लेकिन तनाव तब चरम पर पहुंच गया जब सोमवार की ही देर रात मुस्लिम पक्ष के कुछ लोगों ने उसी जगह पर फिर से बांस और तिरपाल लगाकर शेड बांधना शुरू कर दिया। इसकी भनक लगते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्थानीय निवासियों के साथ वहां एकत्र हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई, जिसने आधी रात को हिंसक रूप अख्तियार कर लिया।
लाठी-डंडे और हाथापाई में कई लोग हुए चोटिल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि रिहायशी परिसर के भीतर ही जमकर लात-घूंसे, लाठियां और हाथापाई शुरू हो गई। इस बवाल के दौरान हिंदू संगठनों के कुछ पदाधिकारियों को निशाना बनाए जाने का आरोप है। घटना की भयावहता को देखते हुए काशिमीरा पुलिस स्टेशन और आस-पास के थानों से अतिरिक्त पुलिस कुमुक तुरंत मौके पर भेजी गई। पुलिस ने लाठी भांजकर और बीच-बचाव कर दोनों गुटों को खदेड़ा, लेकिन तब तक माहौल बेहद तनावपूर्ण हो चुका था।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में संपन्न हुई ब्रिक्स परिवहन मंत्रियों की बैठक; सर्वसम्मति से अपनाया गया ऐतिहासिक ‘नागपुर घोषणापत्र’
Taj Hotel Bomb Threat: दाऊद ने रखा ताज में बम! आधी रात को आए कॉल से मुंबई में हड़कंप, जांच में निकला…
मुंबई क्राइम ब्रांच ने फर्जी पुलिस और फर्जी डॉक्टर को किया गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला है इनका नेटवर्क?
अमृत भारत योजना ने बदली नांदुरा रेलवे स्टेशन की तस्वीर, मध्य रेल के हावड़ा-मुंबई मार्ग का ऐतिहासिक स्टेशन
ये भी पढ़ें- 4500 शिक्षक गैर-मराठी ऑटो-टैक्सी चालकों को सिखाएंगे मराठी; प्रताप सरनाईक ने किया बड़े अभियान का ऐलान
काशिमीरा पुलिस स्टेशन में अज्ञात हमलावरों पर एफआईआर दर्ज
बीती रात हुए इस हिंसक घटनाक्रम के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर काशिमीरा पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने वीएचपी कार्यकर्ताओं पर हमला करने वाले अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 118(1) (खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और मोबाइल वीडियो के आधार पर दंगाई तत्वों की पहचान करने में जुटी है।
इलाके में कड़ा पहरा, शांति बनाए रखने की अपील
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूनम क्लस्टर सोसाइटी और पूरे मीरा रोड इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी तरह की भड़काऊ अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और सभी समुदायों को आगामी त्योहार शांति और आपसी सौहार्द के साथ सरकारी नियमों के दायरे में रहकर ही मनाना होगा।
