

वनमंत्री गणेश नाईक ने शनिवार को करपटवाड़ी (ढाढरे) गांव का दौरा किया।
खेतों में धान, उड़द, नागली और खुरासनी की फसलों का निरीक्षण किया।
आदिवासी परिवारों को अनाज की किट और दिवाली की सौगात दी।
Ganesh Naik Celebrates Diwali In Thane: प्राकृतिक आपदा और सूखे की मार झेल रहे किसानों का हौसला बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र सरकार के मंत्री दिवाली का त्योहार किसानों के साथ मना रहे हैं। इसी कड़ी में वनमंत्री गणेश नाईक ने शनिवार को ठाणे जिले के शहापुर तालुका स्थित करपटवाड़ी (ढाढरे) गांव पहुंचकर आदिवासी और किसान परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों से अपील की थी कि वे सूखे की पृष्ठभूमि में दिवाली किसानों के घर जाकर उनके साथ मनाएं। मुख्यमंत्री की इस अपील पर वनमंत्री गणेश नाईक ने करपटवाड़ी पहुंचकर किसानों के साथ दिवाली मनाई और उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।
दौरे के दौरान गणेश नाईक ने खेतों में जाकर धान, उड़द, नागली और खुरासनी की फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण फसलों को हुए नुकसान और किसानों की परेशानियों की जानकारी ली। इस मौके पर ढाढरे ग्राम पंचायत की ओर से उनका स्वागत और सत्कार किया गया। वनमंत्री ने आदिवासी परिवारों को अनाज की किट और दिवाली की सौगात भी वितरित की।
इस अवसर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक पांडुरंग बरोरा ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी प्रभावित किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचाकर उन्हें उचित न्याय दिलाने का प्रयास होगा।
इस दौरे में पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटील, पूर्व विधायक पांडुरंग बरोरा, शहापुर वन विभाग के उपवन संरक्षक दीपेश मल्होत्रा, खंड विकास अधिकारी बीएच राठौड़, तालुका कृषि अधिकारी कुमार जाधव, किन्हवली के सहायक उपनिरीक्षक नितिन खैरनार सहित वन, राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से फसल नुकसान का मुआवजा, सीधे आर्थिक अनुदान, आपातकालीन निधि और कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को राहत देने के प्रयास किए जा रहे हैं। वनमंत्री के इस दौरे को किसानों के बीच सरकार की मौजूदगी और उनकी समस्याओं को सुनने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।