भाईंदर में फिर तेंदुए की दस्तक से सहमे लोग, रिहायशी इलाकों में बढ़ी दहशत
Bhayandar Leopard News: भाईंदर पश्चिम के राई गांव में कथित तेंदुए की मौजूदगी से दहशत फैल गई है, जहां रिहायशी इलाकों में वन विभाग की जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Bhayandar leopard (सोर्सः सोशल मीडिया)
Rai Village Mumbai News: मुंबई महानगर और उसके आसपास के इलाकों में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार शाम भाईंदर पश्चिम के राई गांव इलाके में एक संदिग्ध तेंदुआ खुले मैदान में घूमता दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे भाईंदर स्थित शिवम गार्डन के पास एक महिला निवासी ने अपनी बिल्डिंग की बालकनी से इस जानवर का वीडियो बनाया। वीडियो में जानवर बिल्डिंग के पीछे गटर किनारे बने खुले मैदान में शांत तरीके से घूमता नजर आया और कुछ देर बाद वहां से गायब हो गया।
तेंदुए की पुष्टि नहीं की
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने कोशिश की कि यदि वह तेंदुआ है तो उसे सुरक्षित तरीके से जंगल क्षेत्र की ओर वापस भेजा जा सके। हालांकि वन विभाग ने अभी वीडियो के आधार पर तेंदुए की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जंगली बिल्ली भी कई बार तेंदुए जैसी दिखाई देती है, इसलिए जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सम्बंधित ख़बरें
Bhandara News: कुएं में गिरे दो तेंदुए शावक, ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग सक्रिय
अमरावती के रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, रामपुरी कैंप में मची दहशत, 7 घंटे बाद रेस्क्यू
चरम पर पहुंचा मानव-वन्यजीव संघर्ष: 5 माह में 6 की मौत, 19 घायल-बाघ-तेंदुओं की दहशत से कांपा भंडारा
भंडारा में नहर में फंसी मादा तेंदुए का सफल रेस्क्यू, तीन घंटे चला अभियान
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि देर शाम या रात में सुनसान और कम रोशनी वाले इलाकों में अकेले न जाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। अधिकारियों ने लोगों से घबराने या जानवर के करीब जाने से बचने को कहा है।
ये भी पढ़े: PM मोदी की अपील का असर, ईंधन बचत के लिए बड़ा फैसला; पूर्व मंत्री ने कम किया सुरक्षा काफिला
लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में भाईंदर पूर्व में एक तेंदुआ रिहायशी इमारत की पहली मंजिल के फ्लैट में घुस गया था, जिसके हमले से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं हाल ही में गोरेगांव पूर्व के डिंडोशी इलाके में भी तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। 8 मई की रात रहेजा हाइट्स रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में भी तेंदुआ घुस आया था, जहां यह तीसरी बार उसकी मौजूदगी बताई गई।
मुंबई और आसपास के रिहायशी इलाकों में लगातार सामने आ रही वन्यजीव गतिविधियों ने इंसान और जंगल के बीच बढ़ते संघर्ष को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर देर रात और सुबह के समय तेंदुओं की बढ़ती हलचल लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता बनती जा रही है।
