ठाणे: 150 बालिकाओं का नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण पूरा, तीन चरणों में सफल हुआ अभियान
Cervical Cancer Vaccination In Thane: भाईंदर में तीन चरणों में 150 बालिकाओं का नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण पूरा किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण (फोटो नवभारत)
Free Cervical Cancer Vaccination In Thane: भक्ति के साथ सेवा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय बाबा रामदेव प्रचार मंडल ने बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से तीन चरणों में विशेष टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। अभियान के तहत करीब 150 बालिकाओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया गया और सभी को वैक्सीन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
जिसमें 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को 2 डोज तथा 15 से 26 वर्ष आयु वर्ग की युवतियों को 3 डोज लगाए गए। पहला डोज 4 जनवरी , 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए दूसरा डोज 15 मार्च और अंतिम डोज 5 जुलाई 2026 को दिया गया।
सेवाभाव से सफल हुआ स्वास्थ्य अभियान
अग्रवाल नर्सिंग होम की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. लीला अग्रवाल के सहयोग और सेवाभाव से यह स्वास्थ्य अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के समापन अवसर पर आयोजकों ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य रहा।
सम्बंधित ख़बरें
पिंपरी मनपा और सोसायटियों में बढ़ा टकराव, STP विवाद में पानी काटने की चेतावनी का हाउसिंग फेडरेशन द्वारा विरोध
ठाणे: गर्भवती महिला की जान से खिलवाड़! उल्हासनगर के सरकारी प्रसव अस्पताल की जांच रिपोर्ट ने खोली पोल
पुणे: चाकण इंडस्ट्रियल एरिया में हाहाकार; सुबह कटी बिजली देर रात तक नहीं आई, उद्योगपतियों में भारी आक्रोश
BMC को 3 हिस्सों में बांटें… कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई की बड़ी मांग, UCC पर भी दिया बड़ा बयान
उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता से कई गंभीर रोगों की रोकथाम संभव है। मंडल ने भविष्य में भी महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद वर्ग के लिए ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर, जांच अभियान और जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वास्थ्य संबंधी जांच को नजरअंदाज न करें और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
यह भी पढ़ेः- मुंबई: Proton Therapy से बच्चों सहित 1,000 कैंसर मरीजों को मिली नई जिंदगी, टाटा मेमोरियल ने रचा कीर्तिमान
कार्यकर्ताओं के सहयोग से सफल रहा अभियान
तीन चरणों में आयोजित इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में ट्रस्टी मदन भूतड़ा, हरी प्रसाद असावा, बाबूलाल तोषनीवाल, दामोदर कांकाणी और रमणीकभाई गड़ा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के संचालन में कमल लखानी, रमेश भूतड़ा, महेश भूतड़ा, पुरुषोत्तम दरक, मनीष कांकाणी, धीरज सोनी, मुकेश बाहेती, संजू कांकाणी, तन्वी कांकाणी, उमा कांकाणी और मंजू मालपानी ने समर्पित भाव से सहयोग किया।
प्रत्येक चरण के समापन पर प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष अल्पाहार की व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम में सेवा, आत्मीयता और सामाजिक सरोकार का वातावरण बना। आयोजकों ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियान निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
