Crop Damage Grapes (सोर्सः सोशल मीडिया)
Akkalkot Hailstorm: महाराष्ट्र के सोलापुर में बेमौसम बारिश ने कहर बरपा दिया है। शहर के अक्कलकोट तालुका में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अक्कलकोट शहर और पूरे तालुका में जोरदार बारिश दर्ज की गई। अक्कलकोट तालुका के सांगवी बुद्रुक और खवास गांवों में ओले गिरने से कृषि भूमि को नुकसान होने की आशंका है।
यहां गेहूं, ज्वार और अंगूर की फसलें बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गंभीर खतरे में हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए सोलापुर जिले में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बदलते मौसम के कारण देश के कई हिस्सों में ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोलापुर में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान अंगूर की फसल को होने की आशंका है। फसल खराब होने से किसान चिंतित हैं। गौरतलब है कि इस सीजन में खाद और बीज की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
ये भी पढ़े: ‘माझी वसुंधरा’ से मिली ताकत, धुले मनपा का सोलर मॉडल हिट; हर महीने लाखों की बिजली बचत
मंगलवार (17 मार्च) से शुरू हुई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसानों का कहना है कि बारिश और ओलावृष्टि के कारण अंगूर की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। इस नुकसान ने किसानों को एक बार फिर निराश कर दिया है।