Vidarbha Weather: नागपुर-भंडारा समेत 8 जिलों में झमाझम बारिश के आसार, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
Vidarbha Rain Alert: नागपुर-विदर्भ में बारिश का अलर्ट! 18-19 मार्च को बरस सकते हैं बादल, 5 डिग्री तक गिरेगा तापमान। मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, किसान रहें सावधान।
- Written By: प्रिया जैस
बारिश का अलर्ट (सौजन्य-सोशल मीडिया)
IMD Alert: नागपुर में अब तेज धूप और गर्मी लोगों को हलाकान करने लगी है। दिन समेत रात में भी एसी और कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है। इस बीच मौसम ने एक बार फिर रंग बदल लिया। मौसम विभाग से मिले संकेतों के अनुसार बुधवार, 18 मार्च और गुरुवार, 19 मार्च को शहर के अधिकतर इलाकों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इस हफ्ते विदर्भ के 8 जिलों में बारिश के संकेत दिए हैं। इसी के साथ तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4 दिनों में नागपुर समेत विदर्भ के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। इससे काफी हद तक गर्मी से राहत मिलेगी।
मंगलवार को मौसम विभाग ने सिटी का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज किया जो औसत से 0.7 डिग्री अधिक रहा। सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान 21.0 डिसे दर्ज हुआ। यह औसत से 1 डिसे अधिक रहा। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सम्बंधित ख़बरें
भंडारा में बेला-सिरसी बायपास निर्माण की मांग तेज, शिवसेना ने मंत्री को भेजा ज्ञापन
नागपुर की नरक जैसी सड़कों से परेशान बुजुर्ग का बड़ा कदम; हाई कोर्ट के जज को पत्र लिख लगाई न्याय की गुहार
सेवानिवृत्ति के बाद साकार हो रहा सपना! नागपुर मनपा के सफाई कर्मचारियों को जल्द मिलेगा श्रम साफल्य योजना का लाभ
मेट्रो स्टाफ सिर्फ टिकट नहीं, जिंदगी’ भी संवारते हैं! नागपुर रेलवे स्टेशन पर सूझबूझ से परिजनों से मिला मासूम
भंडारा में 19 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश
भारतीय मौसम विभाग की प्राप्त ताजा जानकारी के अनुसार, भंडारा सहित पूर्वी विदर्भ के जिलों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 16 से 19 मार्च के दौरान क्षेत्र में बिजली की कड़कड़ाहट और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। बेमौसम बारिश के इस पूर्वानुमान ने किसानों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।
भंडारा के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए सभी से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और इस दौरान चलने वाली तेज हवाओं की गति भी काफी तेज हो सकती है।
यह भी पढ़ें – युद्ध की ‘रफ्तार’ ने थामी कोयले की सप्लाई! इंडोनेशियाई आयात घटा तो ₹11,500 के पार पहुंची कीमतें, मिलावट बढ़ी
किसानों के लिए खास सलाह
प्रशासन ने विशेष रूप से किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी कटी हुई फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ढककर रखें, ताकि अचानक होने वाली बारिश से होने वाले नुकसान से बचा जा सके। आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बिजली चमकने या कड़कड़ाने की स्थिति में किसी भी पेड़ के नीचे आश्रय न लें।
ऐसी स्थिति में खुले मैदान में रहने के बजाय पक्के और सुरक्षित मकानों में ही रहें। यह अलर्ट भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर जारी किया गया है। मौसम में होने वाले इस अचानक बदलाव का असर जनजीवन पर पड़ने की पूरी संभावना है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
