पुणेवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! पुरंदर एयरपोर्ट का 91% जमीन अधिग्रहण पूरा, जानें कब शुरू होगा निर्माण कार्य
Purandar Airport Update: पुणे के पुरंदर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए 91% जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। जानिए कब जारी होंगे टेंडर और क्या होंगी इस हाइटेक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की खासियतें।
- Written By: आकाश मसने
पुरंदर एयरपोर्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: सोशल मीडिया)
Purandar Airport Project Land Acquisition Update: पुणे और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। महाराष्ट्र की बहुप्रतीक्षित छत्रपति संभाजी राजे अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (पुरंदर) परियोजना को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और सकारात्मक खबर सामने आई है। प्रोजेक्ट के सबसे चुनौतीपूर्ण चरण यानी भूमि अधिग्रहण में शासन को बड़ी सफलता मिली है।
91 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण का काम पूरा
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, पुरंदर एयरपोर्ट परियोजना के लिए आवश्यक कुल 2,766 एकड़ जमीन में से लगभग 91 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा हाे चुका है। राज्य सरकार ने पुष्टि की है कि क्षेत्र के 91 प्रतिशत भू-स्वामियों ने परियोजना के लिए स्वेच्छा से अपनी सहमति दे दी है। इसके साथ ही, लगभग 50 प्रतिशत भूमि मालिकों को उनके मुआवजे की राशि का भुगतान भी किया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार, शेष मुआवजे का वितरण अगस्त तक पूरा होने की संभावना है। कुछ भूमि मालिक कानूनी और प्रशासनिक कारणों से अभी भूमि हस्तांतरित नहीं कर पाए हैं, लेकिन उनके भी सहमत होने की उम्मीद जताई जा रही है। भूमि अधिग्रहण 90 प्रतिशत से अधिक होने के कारण परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना है और सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जा सकते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बड़ा ऐलान: मराठी भाषा संरक्षण की कार्ययोजना, लंदन में बनेगा विश्व मराठी केंद्र
Navabharat Nishanebaaz: अदालत में मामला काफी गंभीर, क्या ताजमहल था शिव मंदिर ?
पुणे मनपा सुरक्षा पर बवाल: आयुक्त बोले- जनप्रतिनिधियों की सिफारिश से हुई गार्डों की भर्ती
नागपुर DPC का बड़ा फैसला: शहर और ग्रामीण इलाकों के लिए अब होंगी स्वतंत्र बैठकें, पालक मंत्री ने दिए निर्देश
पुरंदर एयरपोर्ट की प्रमुख विशेषताएं
इस ड्रीम प्रोजेक्ट की विशेषताएं इसे देश के चुनिंदा आधुनिक हवाई अड्डों की सूची में खड़ा करती हैं। पुरंदर एयरपोर्ट पुणे शहर से लगभग 20-25 किमी दक्षिण-पूर्व में पुरंदर तालुका में स्थित होगा। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से पुणे में न सिर्फ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि पूरे पश्चिमी महाराष्ट्र के आर्थिक विकास को एक नई उड़ान मिलेगी।
- विशाल क्षमता: पुरंदर एयरपोर्ट की वार्षिक क्षमता 7.5 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी, जो आगामी कई दशकों तक पुणे की एविएशन जरूरतों को आसानी से पूरा करेगी।
- दो समानांतर रनवे: प्रोजेक्ट के तहत 4,000 मीटर लंबे और 60 मीटर चौड़े दो पैरेलल (समानांतर) रनवे बनाए जाएंगे, जिससे एक साथ कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेट हो सकेंगी।
- आधुनिक एयरोसिटी: मुख्य एयरपोर्ट परिसर के साथ 253.21 हेक्टेयर क्षेत्र में एक अत्याधुनिक ‘एयरोसिटी’ का निर्माण भी किया जाएगा। इसमें व्यावसायिक केंद्र, होटल और लॉजिस्टिक्स हब शामिल होंगे। एयरोसिटी के लिए जमीन अधिग्रहण का लक्ष्य 15 अगस्त तक रखा गया है।
यह भी पढ़ें:- Uttan-Virar Sea Link Project पर मंडराया बड़ा खतरा, 600 जमीन मालिक ने खोला मोर्चा, जानें क्या है ये परियोजना
पुरंदर एयरपोर्ट के अनुमानित लागत 17,000 करोड़ रुपए
पुणे के पुरंदर में प्रस्तावित छत्रपति संभाजी राजे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की कुल अनुमानित लागत 17,000 करोड़ रुपए है। महाराष्ट्र सरकार ने इसके भूसंपादन के लिए 6,000 करोड़ के विशेष कर्ज को मंजूरी दी है, जिसमें से किसानों को 1 से 2 करोड़ रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा बांटा जा रहा है।
पुरंदर में छत्रपति संभाजी राजे इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक खास स्पेशल पर्पस व्हीकल (SPV) बनाया है, जिसे पुरंदर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (PIAL) के नाम से जाना जाता है। इसमें CIDCO की 51% हिस्सेदारी, MADC की 19%, MIDC की 15% और PMRDA 15% हिस्सेदारी की मदद से राज्य-समर्थित फंडिंग का इंतजाम शामिल है।
