Pune में जल संकट का खतरा बढ़ा, हफ्ते में एक दिन पानी बंद करने की तैयारी
Pune Civic Water Saving: पुणे में संभावित जल संकट को देखते हुए मनपा प्रशासन अलर्ट हो गया है। सप्ताह में एक दिन पानी बंद करने या एक दिन छोड़कर सप्लाई देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
- Written By: अपूर्वा नायक
खड़कवासला डैम (सौ. सोशल मीडिया )
Pune Water Crisis Plan Supply: पुणे में संभावित जल संकट को देखते हुए पुणे महानगरपालिका प्रशासन सतर्क हो गया है। जल संसाधन विभाग की ओर से पानी की कटौती संबंधी संकेत मिलने के बाद पुणे महानगरपालिका ने पानी बचाने के लिए ठोस उपाय योजनाओं की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर में जलापूर्ति को संतुलित रखने के लिए सप्ताह में एक दिन पानी सप्लाई बंद रखने या एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यह प्रस्ताव जल्द ही महापालिका आयुक्त के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
महापालिका के जल आपूर्ति विभाग के प्रमुख नंदकिशोर जगताप ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा भेजे गए पत्र में इस वर्ष एल नीनो के प्रभाव के कारण बारिश में लगभग 30 प्रतिशत तक की कमी आने की आशंका जताई गई है।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे में जमीन रिकॉर्ड हेरफेर पर बड़ी कार्रवाई: SDM-तहसीलदार सहित 15 अधिकारी निलंबित; पूरे राज्य में होगी जांच
सावधान! पंढरपुर वारी के चलते पुणे-पंढरपुर हाईवे के ट्रैफिक में बड़ा बदलाव; 10 से 15 जुलाई तक इन रास्तों का करें
पुणे में बारिश का कहर: 10,271 लोगों का रेस्क्यू, 3 की मौत, कई सड़कें और पुल बंद
पुणे में आषाढ़ी वारी के लिए विशेष बस सेवा: 11-12 जुलाई को चलेंगी अतिरिक्त PMPML बसें, वैकल्पिक मार्ग तय
ऐसे में उपलब्ध जल स्रोतों पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, जिससे आने वाले महीनों में पानी की कमी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस संभावित संकट को टालने के लिए अभी से योजना बनाना जरूरी हो गया है।
मनपा प्रशासन राजनीतिक दलों के साथ भी करेगा चर्चा
प्रशासन द्वारा किए गए प्राथमिक आकलन के अनुसार यदि सप्ताह में एक दिन पानी सप्लाई बंद रखी जाती है, तो कुल जल उपयोग में लगभग 10 से 15 प्रतिशत तक बचत हो सकती है। इसके अलावा, एक दिन छोड़कर पानी देने का विकल्प भी गंभीरता से विचाराधीन है।
आने वाले कम से कम तीन महीनों तक इस प्रकार की व्यवस्था लागू करनी पड़ सकती है, ताकि जल संचय को सुरक्षित रखा जा सके और शहर की मूलभूत जरूरतें पूरी हो सकें। लेकिन इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने से पहले पुणे महानगरपालिका प्रशासन सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ चर्चा करेगा।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की वर्तमान स्थिति, नागरिकों पर पड़ने वाले प्रभाव और उपलब्ध वैकल्पिक उपायों का व्यापक मूल्यांकन करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि किसी भी कदम से आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
Pune में आपूर्ति व्यवस्था पर पहले से ही दबाव
Pune शहर में तेजी से बढ़ती जनसंख्या और सीमित जल स्रोतों के कारण जल आपूर्ति व्यवस्था पर पहले से ही दबाव है। ऐसे में जल प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका ने नागरिकों में पानी बचत को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे पानी का उपयोग सोच-समझकर करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें।
दिशा-निर्देश जारी
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि पानी की लीकेज रोकने, पाइपलाइन की मरम्मत और जल के दोबारा इस्तेमाल (रिसाइक्लिंग) जैसी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही, निर्माण कार्यों और औद्योगिक उपयोग में भी पानी के नियंत्रित उपयोग के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें :- Pune FDA की छापेमारी में नकली आम पल्प का पर्दाफाश, 3800 किलो से ज्यादा माल जब्त
सरकारी उपाय के साथ जन भागीदारी जरूरी
महापालिका को उम्मीद है कि इन प्रस्तावित कदमों से शहर में संभावित जल संकट को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। लेकिन प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल सरकारी उपाय पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
