पुणे: ऑनलाइन गेमिंग से लाखों की ठगी करने वाले बड़े रैकेट का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, दुबई से जुड़ा है मास्टरमाइं
Pune Cyber Crime: पुणे पुलिस ने हडपसर और मुंढवा में अवैध कॉल सेंटर्स पर छापा मारकर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले रैकेट के 2 आरोपियों को दबोचा; दुबई से जुड़ा है गिरोह का मास्टरमाइंड
- Written By: रूपम सिंह
ऑनलाइन गेमिंग ठगी (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Pune Crime Online Gaming Fraud: ऑनलाइन गेम खेलकर मोटी कमाई का सपना दिखाकर नागरिकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े साइबर रैकेट का पुणे पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हडपसर, फुरसुंगी और भेकराईनगर क्षेत्र में संचालित अवैध कॉल सेंटर्स पर छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को साइबर विभाग, हडपसर पुलिस और मुंढवा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष दत्ता वेंजनेकर और विनायक उर्फ दीपक मनोहर इक्के के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देते थे। इसके लिए कॉल सेंटर के कर्मचारी विभिन्न राज्यों के लोगों से संपर्क कर उन्हें गेम में निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में खिलाड़ियों को जानबूझकर कुछ रकम जिताई जाती थी, जिससे उनका भरोसा जीत लिया जाता था। जब पीड़ित अधिक निवेश करने लगते थे, तब उन्हें लगातार खेलने और पैसा लगाने के लिए उकसाया जाता था। बाद में गेम में हार होने पर नुकसान की भरपाई के नाम पर और अधिक निवेश कराया जाता था। इस तरह पीड़ित धीरे-धीरे लाखों रुपये गंवा बैठते थे।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में लुटेरी दुल्हन का सनसनीखेज कांड, शादी के एक महीने बाद पति को चूना लगा लाखों के जेवर लेकर फरार
मानसून से पहले अमरावती प्रशासन अलर्ट, मालखेड तालाब पर बाढ़ बचाव मॉक ड्रिल आयोजित
पुणे: कात्रज डेयरी में वित्तीय हेरफेर और बोगस समितियों पर बड़ा एक्शन, उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित
गणवेश योजना के नए प्रावधानों पर शिक्षक संघ नाराज, पुराने नियम बहाल करने की मांग
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी संतोष वेंजनेकर ने अपने ही कर्मचारियों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर कई फर्जी बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग माध्यमों से स्थानांतरित करने और उसके स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता था।
यह भी पढ़ेः- पुणे: कात्रज डेयरी में वित्तीय हेरफेर और बोगस समितियों पर बड़ा एक्शन, उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित
पुणे पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, इस रैकेट के जरिए प्रतिदिन लगभग 300 से 400 लोगों को निशाना बनाया जा रहा था और लाखों रुपये की अवैध कमाई की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कंप्यूटर, मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई है कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य मास्टरमाइंड दुबई में बैठकर संचालन कर रहा था। पुलिस अब उसके संबंध में जानकारी जुटाने और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मुंढवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन गेमिंग और निवेश संबंधी किसी भी आकर्षक ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की है।
