नितिन गडकरी (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Indian Federation of Green Energy: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को पुणे में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पेट्रोलियम लॉबी पर तीखा हमला बोला। अपने बेबाक अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा कि मैं डंडा लेकर बैठा हूं, मुझे मैनेज करने वाला अभी पैदा नहीं हुआ है। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाई और ठहाके गूंजने लगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहले वैकल्पिक ऊर्जा से जुड़ी कई योजनाओं की बात कही थी तब कई लोग उन पर हंसते थे और उन्हें पागल तक कहते थे। लेकिन समय के साथ उन योजनाओं पर काम कर उन्होंने यह साबित किया कि देश में ग्रीन एनर्जी का भविष्य मजबूत है।
ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में काम कर रहे उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए गडकरी ने सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि जो अच्छा काम करेगा, सरकार उसका पूरा समर्थन करेगी, लेकिन काम में ढिलाई या गड़बड़ी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अच्छा काम करो, नहीं तो मैं ठोकता हूं, कहते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता और परिणाम ही सबसे महत्वपूर्ण हैं।
पेट्रोलियम लॉबी का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि यह लॉबी उनके खिलाफ काफी सक्रिय है और ग्रीन एनर्जी के विस्तार को आसानी से स्वीकार नहीं करेगी। इसके बावजूद उन्होंने भरोसा जताया कि दबाव के बावजूद देश वैकल्पिक ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें – इसलिए गई 19 महिलाओं की जान! नागपुर ब्लास्ट की डरावनी सच्चाई आई सामने, पढ़ें इनसाइड स्टोरी
उन्होंने कहा कि जो लोग संघर्ष से डरकर पीछे हट जाते हैं, वे कभी सफल नहीं हो पाते है। जो लड़ाई छोड़कर भागता है, वह खत्म हो जाता है। हमें लड़कर जीतना है। ऐसा कहते हुए उन्होंने ग्रीन एनर्जी क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों का मनोबल बढ़ाया।
देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए जैव ईंधन, इथेनॉल ईंधन, हरित हाइड्रोजन और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास पर जोर देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि आने वाले समय में यही क्षेत्र भारत की आर्थिक और पर्यावरणीय मजबूती का आधार बनेगा। पुणे में दिए गए उनके इस स्पष्ट और बेबाक बयान के बाद राजनीतिक और औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई है।