बढ़ता लालच! ग्रीन एनर्जी सेक्टर का सबसे महंगा IPO, क्लीन मैक्स का मूल्य 10 हजार रुपये प्रति शेयर

Cleanmax IPO: निवेशक हैरान है कि क्लीन मैक्स को इतना मामूली प्रॉफिट है तो फिर इसके प्रमोटर और मर्चेंट बैंकर किस 'काल्पनिक' वैल्यूएशन पर 400 के पीई रेशियो पर इतना महंगा आईपीओ जारी कर रहे हैं?
cleanmax ipo price
क्लीन मैक्स आईपीओ, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

विष्णु भारद्वाज की रिपोर्ट-

Cleanmax IPO Price: पूंजी बाजार नियामक 'सेबी' द्वारा आईपीओ (IPO) में कीमत तय करने की खुली छूट का जमकर गलत फायदा उठाया जा रहा है। अनेक महंगे आईपीओ में रिटेल निवेशकों को हो रहे भारी नुकसान के बावजूद 'सेबी' की अनदेख से मर्चेंट बैंकर और कंपनी प्रमोटरों का लालच बढ़ता जा रहा है। इसका एक ताजा उदाहरण है क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (CleanMax Enviro Energy Solutions) का 3100 करोड़ रुपये का आईपीओ, जो ग्रीन एनर्जी सेक्टर का अब तक का सबसे महंगा आईपीओ है।

400 के प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) रेशियो की सर्वाधिक महंगी वैल्यूएशन पर लाया जा रहा क्लीन मैक्स का आईपीओ 23 फरवरी को खुलेगा। इसकी प्रति शेयर कीमत सुन कर आप हैरान हो जाएंगे। कंपनी ने अपने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा 1,000 से 1,053 रुपये रखा है।

यदि 10 रुपये फेस वैल्यू से गणना की जाए तो क्लीन मैक्स के शेयर की कीमत 10,530 रुपये यानी 10 हजार रुपये से अधिक होती है। सोलर और विंड पावर उत्पादक क्लीन मैक्स वित्त वर्ष 2024 में 20 करोड़ रुपये के घाटे में थी और वित्त वर्ष 2025 में इसे मात्र 28 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। जिस पर प्रति शेयर आय (EPS) मात्र 2.60 रुपये रही और इस साल की पहली छमाही में भी सिर्फ 11 करोड़ रुपये का लाभ हुआ और वार्षिक ईपीएस मात्र 2 रुपये रही।

11 करोड़ का मामूली प्रॉफिट, 'काल्पनिक' वैल्यूएशन

निवेशक हैरान है कि क्लीम मैक्स को इतना मामूली प्रॉफिट है तो फिर इसके प्रमोटर और मर्चेंट बैंकर किस 'काल्पनिक' वैल्यूएशन पर 400 के पीई रेशियो पर इतना महंगा आईपीओ जारी कर प्रति शेयर 10 हजार रुपये मांग रहे हैं? और सेबी अधिकारियों ने किस आधार पर आईपीओ की मंजूरी दी है? क्या कंपनी को कोई गोल्ड माइन्स मिल गयी है? ग्रीन एनर्जी सेक्टर की अन्य बड़ी लिस्टेड कंपनियां जैसे कि अदाणी ग्रीन, एनटीपीसी ग्रीन और एक्मे सोलर के शेयर भी 44 से 132 के पीई रेशियो पर चल रहे हैं और ये कंपनियां काफी अधिक मुनाफा भी कमा रही हैं।

इन मर्चेंट बैंकरों ने पहले भी लगाया था चूना

इस महंगे आईपीओ के 8 मर्चेंट बैंकरों में एक्सिस कैपिटल, जे.पी. मोर्गन इंडिया, HSBC, BNP पारिबा, नोमूरा और IIFL कैपिटल शामिल हैं, जिनमें से 2 पेटीएम आईपीओ के भी मर्चेंट बैंकर थे. जिन्होंने 4 साल पहले इतिहास के सबसे महंगे पेटीएम (Paytm) के आईपीओ में 10 लाख निवेशकों को करीब 10,000 करोड़ रुपये का भारी चूना लगाया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com