

Husband Attacks Wife In Daund: महाराष्ट्र के पुणे जिले से सटे दौंड शहर के डिफेंस कॉलोनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के सालों बाद पति की शराब की लत से तंग आकर अलग रह रही 25 वर्षीय महिला पर उसके ही पति और उसके साथी ने बर्बरता से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बातचीत के बहाने महिला को रोका, सुनसान जगह ले गए और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया।
दौंड शहर के डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में 25 वर्षीय महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और उसके एक दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुणे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दौंड के निवासी गजानन सोसायटी निवासी प्रियांका उमेश गायकवाड़ (25) ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में दौंड के गोवागल्ली निवासी विशाल प्रकाश जाधव और ऋषी अशोक डोके शामिल हैं। ऋषी अकाेला जिले के मुर्तिजापुर तहसील के वडारपुर का निवासी है।
पुणे पुलिस के मुताबिक घटना 19 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। पीड़िता अपने बच्चे और एक सहेली के साथ स्कूटी से जा रही थी, तभी आरोपी मोटरसाइकिल पर उनका पीछा करते हुए आए। दो मिनट बात करनी है कहकर वे महिला को डिफेंस कॉलोनी के एक सुनसान स्थान पर ले गए।
इसके बाद आरोपी ऋषी डोके ने महिला को जबरदस्ती पकड़कर उसका मुंह दबाने का प्रयास किया। उसी दौरान आरोपी विशाल जाधव ने चाकू निकालकर 'आज जिंदा नहीं छोड़ेंगे' कहकर महिला के गले पर वार किया। इस हमले में महिला के गले पर गंभीर चोट आई।
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद कुछ युवक मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पुणे पुलिस भी वहां आती दिखी, जिससे दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महिला ने पुलिस से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे पहले महालक्ष्मी अस्पताल और बाद में पिरामिड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता का विवाह वर्ष 2018 में आरोपी विशाल जाधव से हुआ था, लेकिन उसके शराब की लत के कारण दोनों के बीच विवाद होते रहे और वर्ष 2022 से दोनों अलग रह रहे हैं। दौंड पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।