(प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुणे. महाराष्ट्र में सरकार की लाडली बहन योजना चलाई जा रही है। इसी बीच प्रगतिशील पुणे में संपत्ति विवाद में भाई संपत्ति के लिए कसाई बन गया। कसाई भाई ने बहन की हत्या कर उसके शव के टुकड़े किए। इसे नदी में फेंकने का खुलासा पुणे पुलिस ने किया है। मूला नदी में 4 दिन पहले एक महिला का हाथ-पैर व सिर कटा धड मिला था। इसी धड मामले में पुलिस ने यह बड़ा खुलासा किया है। भाई व भाभी ने मिलकर धारदार हथियार से बहन के दोनों हाथ पैर और सिर काटकर इन टुकड़ों को नदी में फेंकने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस घटना से पूरे जिले में खलबली मच गई है।
मृतक का नाम सकीना अब्दुल खान (48, नरवीर तानाजी वाडी, शिवाजीनगर) है। इस मामले में पुलिस ने उसके भाई अश्पाक अब्दुल खान (51) व उसकी पत्नी हमीदा खान (45) को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जोन चार के पुलिस उपायुक्त हिम्मत जाधव, सहायक आयुक्त प्रांजली सोनवणे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण, पुलिस निरीक्षक अनिल माने व उनकी टीम ने की है।
पिछले सप्ताह खराडी के मुला-मुठा नदी में दोनों हाथ पैर और सिर कटा महिला का धड मिला था। राज्य में महिला अत्याचार के खिलाफ एक तरफ जोरदार विरोध प्रदर्शन जारी है वही दूसरी तरफ इस निर्दयता से हत्या कर शव मिलने पर शहर पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच शुरू की थी। स्थानीय पुलिस व क्राइम ब्रांच की दस टीमें इस मामले की जांच कर रही थी।
मृतक की पहचान करने के लिए पुलिस ने शहर के 32 पुलिस स्टेशन में दर्ज मिसिंग और अपहृत हुई महिला व युवती की जानकारी जुटाई। जबकि मिले शव का ब्यौरा देकर जानकारी देने की अपील की थी। घटनास्थल से नदी तक उल्टी दिशा में जांच कर पुलिस ने सीसीटीवी फूटेज खंगाले। जबकि इस मामले में जानकारी देने वाले को 2 लाख का इनाम देने की घोषणा की थी।
इसी दौरान मृत महिला की भांजी ने शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई की उसकी मौसी गायब है। उसने बताया कि मौसी और मामा के बीच संपत्ति का विवाद था। यह जानकारी देकर उसने संदेह जताया। पुलिस ने मृत महिला व संबंधित महिला का फोटो देखने पर उसमें समानता पाई। तुरंत पुलिस टीम ने आरोपी अश्पाक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की तो उसने पत्नी के साथ मिलकर अपराध करने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पहचान के लिए पुणे, पिंपरी-चिंचवड और ग्रामीण भाग में दर्ज 30 से 60 उम्र के 200 मिसिंग की जांच की।
यह भी पढ़ें: पुणे के पिंपरी-चिंचवड में नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न, शिक्षक समेत 7 गिरफ्तार
अश्पाक व सकीना सगे भाई बहन थे। सकीना अविवाहित थी। अश्पाक और उसकी भाभी हमीदा के साथ वह रहती थी। उनका नरवीर तानाजी वाडी के भैय्यावाडा में 5 बाय 12 का कमरा है। अश्पाक की मां ने यह कमरा सकीना के नाम पर किया था। इसे लेकर ही उनके बीच विवाद होता था। 23 अगस्त की रात अश्पाक की पत्नी हमीदा व सकीना के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पति पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की शव के टुकड़े कर संगम ब्रिज से नदी में फेंक दिया।
सकीना की अश्पाक व हमीदा ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दिन शहर में भारी बारिश हो रही थी। इस वजह से पड़ोस में रहने वालों को भी इसकी भनक नहीं लगी। हत्या करने के बाद दोनों ने धारदार हथियार से उसके हाथ व पैर काटा। सिर भी धड़ से अलग कर दिया। बारिश की वजह से मुला-मुठा नदी में बाढ़ आई थी। इस मौके को भुनाते हुए उन्होंने संगम ब्रिज से उसका शव व उसके टुकड़े नदी में फेंकने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें: पुणे: युवती को शादी का प्रलोभन देकर शादीशुदा युवक करता रहा दुष्कर्म, गाली-गलौज कर धमकाया
खान परिवार में अश्पाक की सकीना की तरह और दो बहन है। उनकी शादी हो चुकी है। वे कोंढवा में रहती है। अश्पाक फिलहाल सुरक्षा रक्षक और जो काम मिल जाता है वह करता है। सकीना के दोनों हाथ व पैर और सिर काटे गए थे। वह धारदार हथियार से काटे जाने की आशंका है। ऐसे में पुलिस को इस बात का अंदेशा है कि अश्पाक पहले कसाई की दुकान में करता होगा।