Congress Maharashtra Politics (सोर्सः सोशल मीडिया)
Maharashtra Politics: बारामती विधानसभा सीट, जो पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के बाद रिक्त हुई है, उसके लिए 23 मई को मतदान होगा। सत्तारूढ़ महायुति ने इस सीट से उनकी पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को उम्मीदवार बनाया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस चुनाव को निर्विरोध कराने की अपील की थी, लेकिन अब इसकी संभावना कम नजर आ रही है। पहले ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने चुनाव लड़ने की घोषणा की और अब कांग्रेस भी मैदान में उतरने की तैयारी में है।
यह उपचुनाव सुनेत्रा पवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उपमुख्यमंत्री बनने के बाद वह अभी किसी सदन की सदस्य नहीं हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, उन्हें 6 महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना अनिवार्य है।
विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) में यह सीट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के हिस्से में आती है। हालांकि, इस उपचुनाव में उम्मीदवार न उतारने के फैसले के संकेत दिए गए हैं। लेकिन कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सुप्रिया सुले के चुनाव न लड़ने के रुख से असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि यदि सहयोगी दल उम्मीदवार नहीं उतारते हैं, तो कांग्रेस इन सीटों पर चुनाव लड़ने पर विचार करेगी।
ये भी पढ़े: सांसद डॉ. प्रशांत पडोले की घर वापसी! लोकसभा से निलंबन रद्द, संसद की सीढ़ियों पर चले ‘सत्याग्रह’ की हुई जीत
वडेट्टीवार ने कहा कि चुनाव न लड़ना सुप्रिया सुले का व्यक्तिगत निर्णय हो सकता है, लेकिन इस मुद्दे पर मविआ में कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। ऐसे में बारामती उपचुनाव में मुकाबला होने की संभावना बढ़ गई है।