महाराष्ट्र विधानसभा में गूंजा अहिल्यानगर एसिड अटैक मामला, विपक्ष ने सरकार पर बोला हमला, नार्वेकर ने दिया जवाब

Ahilyanagar Acid Attack News: अहिल्यानगर के लोणी में 13 वर्षीय छात्रा पर हुए खौफनाक एसिड हमले ने महाराष्ट्र को झकझोर दिया है। विधानसभा में विपक्ष ने इस मामले को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला।
Vijay Wadettiwar On Ahilyanagar Acid Attack Case
विजय वडेट्टीवार, नाना पटोले व राहुल नार्वेकर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Vijay Wadettiwar On Ahilyanagar Acid Attack Case: अहिल्यानगर के लोणी क्षेत्र में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा पर हुए एसिड हमले की घटना से पूरा राज्य स्तब्ध है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा में राज्य सरकार की जमकर आलोचना की और यहां कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने अहिल्यानगर जिले में हुई कथित घटना को बहुत परेशान करने वाली बताते हुए सरकार पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।

विजय वडेट्टीवार ने सरकार पर बोले हमला

कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए तत्काल चर्चा की मांग की और दावा किया कि नाबालिग की हालत गंभीर है तथा आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी कैसे फरार हो गए। कांग्रेस नेता ने स्थानीय पुलिस के कामकाज की भी आलोचना करते हुए अक्षमता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तथा कहा कि इस तरह की कमियां अपराधियों को और भी बेखौफ बनाती हैं। वडेट्टीवार ने दावा किया कि राज्य में नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ गई हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

नाना पटोल ने भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने सदन में कहा कि सावित्रीबाई फुले की धरती महाराष्ट्र में आज स्कूल जाने वाली लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। राज्य में महिलाओं और बच्चों की असुरक्षा का मुद्दा दिन-ब-दिन गंभीर होता जा रहा है। विधानसभा सत्र चल रहा है, ऐसे समय में यह घटना गृह विभाग की पूरी नाकामी है। पुलिस के कामकाज पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पीड़िता के परिवार की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि बच्ची का पिता कुछ समय पहले गुजर चुका है, मां मजदूरी करके परिवार चलाती है।उन्होंने सरकार से विनम्र निवेदन किया कि इस गंभीर घटना की जिम्मेदारी लेते हुए पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च वहन करे, जिसमें दवाइयां, प्लास्टिक सर्जरी सहित सभी बाद के उपचार शामिल हों।

विधानसभा अध्यक्ष ने दिया जवाब

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस मामले का संज्ञान लिया और सरकार को निर्देश दिया कि वह इस घटना पर सदन में जल्द से जल्द विस्तृत बयान प्रस्तुत करे। विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए अहिल्यानगर के पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल ने कहा कि आरोपी को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही पीड़ित बच्ची को ‘मनोधैर्य’ योजना के तहत तुरंत आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी प्रशासन को दिए गए हैं।

क्या है मामला?

मंगलवार को लोणी इलाके में छात्रा रोज की तरह सुबह स्कूल खत्म होने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक अज्ञात युवक उसके पास आया और बिना किसी बातचीत के सीधे उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद बच्ची दर्द से चीखने लगी, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी मौके का फायदा उठाकर तुरंत फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और राजनीतिक हलकों से भी कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस मामले पर बोलते हुए राधाकृष्ण विखे-पाटिल ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है। ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, लेकिन प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपी स्थानीय होने की संभावना है। पुलिस तेजी से जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होनी ही चाहिए।

पीड़िता की हालत गंभीर

पीड़िता की हालत गंभीर है, जिसका उपचार लोणी के एक अस्पताल में किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने बताया कि वे इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्ची और उसका परिवार गहरे सदमे में हैं। उसकी स्थिति स्थिर होने के बाद ही उसका बयान लिया जाएगा। सरकार की ‘मनोधैर्य’ योजना के तहत उसे तुरंत आर्थिक मदद देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com