प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Vasai Virar Anti Encroachment Drive Turns Violent: महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित वसई-विरार शहर में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। वसई-विरार नगर निगम (VVMC) की टीम जब पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण को गिराने पहुंची, तो स्थानीय निवासियों और भू-माफियाओं के समर्थकों की भारी भीड़ ने उनका रास्ता रोक लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भीड़ ने जेसीबी मशीनों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
मिली जानकारी के अनुसार, विसई विरार नगर निगम को पिछले काफी समय से इस क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध चॉल और दुकानों के निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। बॉम्बे हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद, निगम आयुक्त ने शहर के विभिन्न वार्डों में अवैध ढांचों को गिराने का आदेश दिया था। इसी क्रम में जब भारी सुरक्षा के बीच निगम का दस्ता जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा, तो स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शुरुआत में प्रशासन ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन अचानक भीड़ उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने न केवल मशीनों के आगे मानव श्रृंखला बनाई, बल्कि नगर निगम के अधिकारियों और सुरक्षा गार्डों पर शारीरिक हमला भी किया। इस झड़प में कुछ कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
घटना के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। सरकारी काम में बाधा डालने और लोक सेवकों पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने करीब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक कई लोगों को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। वसई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें:- नासिक सिंहस्थ कुंभ 2027: मानसून से निपटने को टेंट सिटी होगी पूरी तरह ‘स्टॉर्म प्रूफ’, AI से संभलेगी भीड़
निगम अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के हमलों से उनका मनोबल नहीं टूटेगा। शहर में भू-माफियाओं ने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण कर रखा है, जिससे ड्रेनेज और सड़कों के चौड़ीकरण में बाधा आ रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेजी से चलाया जाएगा और जिन इमारतों को नोटिस दिया गया है, उन्हें हर हाल में ढहाया जाएगा।