नासिक में बनेगी भव्य ‘भीमसृष्टि’, संजय शिरसाट ने कहा बाबासाहेब के विचारों को मिलेगा प्रेरणास्थल
Nashik Bhimsrushti Project: नासिक में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को समर्पित भव्य 'भीमसृष्टि' बनेगी। परियोजना में स्मारक, बुद्ध केंद्र, विपश्यना केंद्र व आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
नासिक में बनेगी भव्य 'भीमसृष्टि' (फोटो नवभारत)
Sanjay Shirsat Nashik Bhimsrushti Project: भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के चरण कमलों से पावन हुई नासिक की ऐतिहासिक भूमि पर उनके विचारों को सहेजने और समाज परिवर्तन के कार्यों को गति देने के लिए एक भव्य ‘भीमसृष्टि’ परियोजना का निर्माण किया जाएगा।
सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने आश्वासन दिया कि सरकार इस परियोजना को लेकर पूरी तरह सकारात्मक है और इसे उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने इस परियोजना के लिए लगातार प्रयास करने पर क्षेत्रीय शिवसेना विधायक सुहास कांदे की सराहना भी की।
बैठक में मंत्री शिरसाट ने दिए ये निर्देश
नासिक के वागदर्डी बांध के पास इस भव्य भीमसृष्टि के निर्माण को लेकर सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के शासकीय निवास स्थान पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में विधायक सुहास कांदे, विभाग के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबले, सह सचिव सोमनाथ बागुल सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान इस परियोजना के विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्बंधित ख़बरें
गड़चिरोली के एटापल्ली पेट्रोलपंप घोटाले का मामला विधानसभा तक पहुंचा, जांच और कार्रवाई की मांग तेजम
गडचिरोली में मजदूर की मौत, परिवार को नौकरी और 50 लाख मुआवजे की मांग
नागपुर एयरपोर्ट विस्तार के लिए AID के प्रयास सराहनीय; आभार समारोह में बोले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
नासिक में एक बार फिर चर्चा में आया नीला ड्रम, घर-घर जाकर बेच रहे विक्रेता, जानिए क्यों बढ़ रही है डिमांड?
मंत्री शिरसाट ने कहा कि नासिक की भूमि से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की कई ऐतिहासिक यादें जुड़ी हैं। बाबासाहेब के विचारों, सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को भावी पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए यह परियोजना एक मील का पत्थर साबित होगी। प्रस्तावित परियोजना के तहत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा, एक प्रेरणादायी स्मारक, भगवान गौतम बुद्ध स्मारक, अत्याधुनिक विपश्यना केंद्र, सभागार, लैंडस्केपिंग और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मंत्री संजय शिरसाट ने अधिकारियों को भूमि आवंटन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आवश्यक निधि की उपलब्धता में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नासिक नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के समन्वय से यह स्थल राज्य के एक प्रमुख सामाजिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में उभरेगा। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सचिव नांदगांवकर, मुख्य नगर अधिकारी शेषराव चौधरी और वास्तुकार राजू परदेशी भी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ेः- छत्रपति संभाजीनगर में TET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, AIMIM का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन
शिवसेना विधायक सुहास कांदे की प्रतिक्रिया
मेरा सपना था कि जैसे नांदगांव में छत्रपति शिवाजी महाराज का शिव मंदिर बना, वैसे ही भारतीय संविधान के रचयिता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर का भीम मंदिर नासिक में बने। इसके लिए मैंने सरकार से बात की। जगह की दिक्कत थी, लेकिन म्युनिसिपल काउंसिल ने वागदरडी डैम के पास बड़ी जगह देकर दिक्कत दूर कर दी, और अब वहां एक शानदार भीम मंदिर बनेगा। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे भीम मंदिर बनाने का मौका मिला।
