

TET Paper Leak Protest AIMIM Demand Fair Probe: शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के कथित पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।
पार्टी ने मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर आपराधिक कार्रवाई करने तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाएं लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।
AIMIM के शहर अध्यक्ष नासेर कुरेशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट के बाद अब TET परीक्षा में भी पेपर लीक की घटना सामने आने से प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। AIMIM ने सरकार से दोषियों को संरक्षण देने के बजाय उनके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई कि पेपर लीक प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जाए। मामले में शामिल सभी आरोपियों, अधिकारियों और कर्मचारियों पर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। रद्द हुई TET परीक्षा की पुनर्परीक्षा के लिए विद्यार्थियों से कोई शुल्क न लिया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए डिजिटल निगरानी, आधुनिक सुरक्षा प्रणाली और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
प्रदर्शन में शाहरेख नक्शबंदी, समीर साजिद, शेख अहमद, वाजेद जहागीरदार, फिरोज खान, डॉ. कुणाल खरात, हाजी इसाक, शेख साबेर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट