‘क्या महाराष्ट्र में ठेकेदार पैदा नहीं हुए?’ नासिक कुंभ मेले के ठेके गुजरातियों को देने पर भड़के राज ठाकरे
Raj Thackeray On Gujarat Contractor in Nashik: नासिक में कुंभ मेले के काम गुजरात के ठेकेदारों को देने और सड़कों की बदहाली पर भड़के राज ठाकरे। सरकार पर लगाए कमिशनखोरी के आरोप।
- Written By: अनिल सिंह
मनसे प्रमुख राज ठाकरे (सोर्स-सोशल मीडिया)
Raj Thackeray On Gujarat Contractor: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे अपने दो दिवसीय नासिक दौरे के दूसरे दिन राज्य की महायुति सरकार पर बेहद आक्रामक नजर आए। आगामी 2027 के सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों और शहर की जर्जर सड़कों का जायजा लेने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज ठाकरे ने गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कुंभ मेले के अधिकतर ठेके गुजरात के ठेकेदारों को सौंपे जाने पर तीखा एतराज जताते हुए सवाल किया कि क्या महाराष्ट्र में ठेकेदारों की कमी हो गई है?
क्या महाराष्ट्र में ठेकेदार पैदा ही नहीं हुए?
नासिक में विकास कार्यों के नाम पर चल रही अनियमितताओं पर हमला बोलते हुए राज ठाकरे ने कहा, “कुंभ मेले के नाम पर बड़े-बड़े ठेके बाहर के लोगों को बांटे जा रहे हैं। गुजरात से ठेकेदार आ रहे हैं, क्या महाराष्ट्र में काम करने लायक ठेकेदार पैदा ही नहीं हुए हैं? यहां सब कुछ दिल्ली और ‘ऊपर से’ आने वाले आदेशों के इशारे पर चलाया जा रहा है।”
सम्बंधित ख़बरें
‘बहाने मत दीजिए, काम करके दिखाइए’, नासिक के गड्ढों और सुस्त कुंभ तैयारियों पर सीएम की अधिकारियों को कड़ी फटकार
नासिक TCS धर्मांतरण मामला में बड़ी कार्रवाई, आरोपी निदा खान को पनाह देने वाले AIMIM पार्षद मतीन पटेल गिरफ्तार
‘नासिक में सड़कों के गड्ढे और कुंभ की धीमी तैयारी’, दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मनसे प्रमुख राज ठाकरे
नासिक में बार-बार क्यों हिल रही ज़मीन? वैज्ञानिक अध्ययन के लिए केंद्र सरकार का बड़ा कदम
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रशासन और ठेकेदारों का एकमात्र उद्देश्य विकास के नाम पर मिलने वाले भारी कमिशन को डकारना है, उन्हें आम जनता की सहूलियत से कोई लेना-देना नहीं है।
“2015 में मनसे ने कराया था बिना भ्रष्टाचार का कुंभ”
वर्ष 2015 के नासिक कुंभ मेले का जिक्र करते हुए मनसे प्रमुख ने कहा कि उस समय नासिक नगर निगम (NMC) में मनसे की सत्ता थी। उन्होंने कहा, “2015 के कुंभ मेले के दौरान हमारी सरकार ने इतनी पारदर्शिता से काम किया था कि किसी नागरिक को सड़कों की बदहाली या भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ा।
हमारा मकसद पैसा कमाना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और नागरिकों को सुविधाएं देना था। आज जगह-जगह खोदे गए गड्ढों की वजह से लोगों की जानें जा रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है।”
गड्ढों और भ्रष्टाचार को लेकर महायुति सरकार पर घेराबंदी
राज ठाकरे के इन तीखे आरोपों के बाद नासिक और पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में उबाल आ गया है। कुंभ मेले के लिए आवंटित 40,000 करोड़ के बजट और ठेकों के वितरण को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है।
राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं को शहर की बदहाली और गुजरात को दिए जा रहे कथित ठेकों के खिलाफ जन-आंदोलन खड़ा करने का निर्देश दिया है, जिससे आगामी स्थानीय चुनावों से पहले महायुति सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
