नासिक-पुणे रोड पर मौत का तांडव: बाइक सवार और पैदल यात्री की अलग-अलग हादसों में जान गई
Nashik Accident News नासिक-पुणे मार्ग पर दो अलग-अलग हादसों में एक बाइक चालक और एक 60 वर्षीय पैदल यात्री की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक व डंपर की टक्कर से दोनों की जान गई। पुलिस ने जांच शुरू की।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर
Nashik-Pune Road Accident News: नासिक-पुणे मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। शुक्रवार, 28 नवंबर को इस व्यस्त मार्ग पर दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। मृतकों में एक दोपहिया वाहन चालक और एक 60 वर्षीय पैदल यात्री शामिल हैं। दोनों घटनाओं के संबंध में उपनगर पुलिस स्टेशन में अलग-अलग आकस्मिक मृत्यु के मामले दर्ज किए गए हैं।
पहली दुर्घटना उपनगर से बिटको चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। पुलिस के अनुसार, पंचशील नगर निवासी संतोष सागर काकडे (50) अपनी दोपहिया वाहन पर उपनगर से बिटको चौक की ओर जा रहे थे। तभी टीवीएस शोरूम के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे आयशर मालवाहू ट्रक (क्रमांक MH 12 WS 7653) ने उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काकडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके ममेरे भाई कैलाश दाणी उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सा अधिकारियों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक रिंग रोड का विरोध तेज, किसानों ने भाजपा कार्यालय का किया घेराव,अलाइनमेंट बदलने की मांग
नासिक ग्रामीण पुलिस सिपाही भर्ती का परिणाम घोषित, 210 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी, सूरज पवार ने किया टॉप
बाबा कोकणी पुलिस हिरासत में, जमीन विवाद में कोयते से जानलेवा हमला करने का प्रयास
समर्थन मिला, फिर भी नरेंद्र दराडे की राह आसान नहीं; विधान परिषद चुनाव में सस्पेंस बरकरार
शिवाजीनगर में दूसरी घटना
दूसरी दुर्घटना शिवाजीनगर क्षेत्र में दोपहर के समय हुई। पुलिस के अनुसार, कलायातन नगर निवासी अशोक केरू धोंडगे (60) पैदल शिवाजीनगर से उपनगर की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले बिटको अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- ‘दोनों NCP साथ लड़ी तो दे दूंगा इस्तीफा’, शरद पवार गुट के पुणे शहर अध्यक्ष ने दी चेतावनी
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर नासिक-पुणे मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार, यातायात नियंत्रण की कमी और सड़क पर बढ़ता दबाव दुर्घटनाओं में इजाफा कर रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में ट्रक और डंपर चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपनगर पुलिस स्टेशन में इन दोनों मामलों की जांच हवलदार हिवाले और काकडे कर रहे हैं। पुलिस अपील कर रही है कि चालक रफ्तार नियंत्रित रखें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
