'दोनों NCP साथ लड़ी तो दे दूंगा इस्तीफा', शरद पवार गुट के पुणे शहर अध्यक्ष ने दी चेतावनी

Pune News: पुणे मनपा चुनाव के लिए NCP (शरद पवार गुट) को 252 आवेदन मिले। शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने कहा कि पार्टी महाविकास आघाड़ी के साथ ही लड़ेगी और महायुति या अजित पवार गुट से कोई गठबंधन नहीं होगा।
Sharad Pawar Ajit Pawar Prashant Jagtap
शरद पवार, अजित पवार व प्रशांत जगताप (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Pune Municipal Corporation Elections: पुणे मनपा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) की ओर से इच्छुकों से आवेदन मांगे गए थे। अब तक 252 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने बताया कि भले ही शरद पवार की राष्ट्रवादी के पास उम्मीदवारों की संख्या बड़ी है फिर भी महापालिका चुनाव में हम महाविकास आघाडी के तहत कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के साथ गठबंधन करने की कोशिश कर रहे हैं।

जगताप ने स्पष्ट किया कि पुणे मनपा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) महायुति के किसी भी घटक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि दोनों राष्ट्रवादी दल (शरद पवार गुट और अजित पवार गुट) एक साथ चुनाव नहीं लड़ेंगे।

महाविकास आघाड़ी के रूप में लड़ेंगे चुनाव

उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अगर दोनों राष्ट्रवादी एक साथ चुनाव लड़े तो मैं इस्तीफा दे दूंगा और कुछ समय के लिए राजनीति से दूर रहूंगा, जगताप ने बताया कि शरद पवार ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन नहीं करने के स्पष्ट आदेश दिया है।

जगताप ने कहा कि अगर 'महायुति' के किसी भी दल के साथ खुल्लम खुल्ला या गुप्त गठबंधन किया गया तो सत्ताधारियों की आलोचना करने का हमारा अधिकार ही समाप्त हो जाएगा। वरिष्ठ नेता ऐसे फैसले नहीं लेंगे। दोनों राष्ट्रवादी एक साथ लड़ने पर मैं तुरंत इस्तीफा दे दूंगा।

प्रशांत जगताप ने बताया कि उनकी पार्टी शिवसेना और कांग्रेस के साथ बातचीत करके महाविकास आघाडी के रूप में एकजुट होकर चुनाव लड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम एक मजबूत विकल्प देने के लिए एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com