Nashik Municipal Corporation (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nashik Municipal Corporation:नासिक महापालिका की स्थायी समिति के सभापति पद के लिए 25 फरवरी को होने वाले चुनाव हेतु नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन दो उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। भाजपा की ओर से मच्छिंद्र सानप ने, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से अपक्ष सदस्य मुकेश शहाणे ने नामांकन प्रस्तुत किया।
16 सदस्यीय स्थायी समिति में भाजपा के 9, शिवसेना शिंदे गुट के 4, ठाकरे गुट के 2 और राष्ट्रवादी कांग्रेस का 1 सदस्य है। स्पष्ट बहुमत भाजपा के पास होने से सानप की जीत लगभग तय मानी जा रही है। राष्ट्रवादी के पास केवल एक सदस्य होने के बावजूद नामांकन दाखिल किए जाने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि पहले राष्ट्रवादी द्वारा भाजपा को समर्थन दिए जाने की चर्चा थी, फिर भी यह नामांकन दाखिल किया गया।
सभापति पद को लेकर भाजपा में आंतरिक खींचतान चल रही थी। उपमहापौर पद की दौड़ में शामिल रहे सानप ने शिवसेना शिंदे गुट के साथ गठबंधन के बाद अपनी दावेदारी वापस ले ली थी। इसके बाद उन्हें सभापति पद का अवसर दिए जाने की चर्चा है। महापालिका के आर्थिक कार्यों की जिम्मेदारी वाले इस पद के लिए पार्टी के विधायकों ने भी अपने समर्थकों के पक्ष में प्रयास किए थे।
सोमवार को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच नामांकन दाखिल किए गए। सानप ने दो सेट में नामांकन पत्र भरे। उनके एक प्रस्तावक के रूप में सरिता सोनवणे और समर्थक के रूप में पल्लवी गणोरे के हस्ताक्षर हैं, जबकि दूसरे पत्र में प्रस्तावक इंदुबाई खेताडे और समर्थक नितीन निगळ हैं। मुकेश शहाणे के नामांकन में प्रस्तावक सीमा ठाकरे और समर्थक किरण राजवाडे हैं।
ये भी पढ़े: मध्य रेल को हुई 14,441 करोड़ रुपये की आय, यात्री किराए से कमाए 6,561.38 करोड़
सभापति पद का चुनाव 25 फरवरी को सुबह 11 बजे होगा। जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद को चुनाव निर्णय अधिकारी नियुक्त किया गया है। हालांकि संख्या बल को देखते हुए चुनाव निर्विरोध होने की संभावना अधिक है और सानप की ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है।