Nashik municipal election (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nashik Municipal Election: हाल ही में संपन्न हुए महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 72 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। चुनाव परिणामों के अनुसार, शिवसेना (शिंदे गुट) को 26, शिवसेना (यूबीटी) को 15, राकांपा (अजित पवार) को 4, कांग्रेस को 3, मनसे को 1 और एक निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है। हालांकि भाजपा ने 100 प्लस का नारा दिया था, लेकिन उनकी सीटों का आंकड़ा 72 पर ही सीमित रहा।
नासिक महानगरपालिका के मेयर पद के लिए आरक्षण सामान्य महिला वर्ग के लिए घोषित हुआ है। भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण उनका मेयर बनना तय माना जा रहा है। इस पद के लिए इच्छुक महिला नेताओं ने वरिष्ठ नेताओं से संपर्क और लॉबिंग शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, मेयर पद के उम्मीदवार का अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लेंगे, जिसकी घोषणा अगले एक-दो दिनों में होने की संभावना है।
सत्ता स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाते हुए भाजपा ने अपने गटनेता का चयन कर लिया है। प्रभाग क्रमांक 30 से तीसरी बार जीत दर्ज करने वाले एड. श्याम बडोदे को भाजपा का गटनेता नियुक्त किया गया है। उन्होंने शिंदे गुट के उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की थी। आज (28 जनवरी) भाजपा द्वारा विभागीय राजस्व आयुक्त कार्यालय में आधिकारिक रूप से गट पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद सत्ता स्थापना की हलचल और तेज होगी।
ये भी पढ़े: गणतंत्र दिवस पर मालेगांव के पुलिस परेड ग्राउंड के पास भीषण धमाका, बच्चों सहित 5 लोग लहूलुहान
महापौर पद के लिए विधायक राहुल आहेर की बहन और पूर्व स्थायी समिति सभापति हिमगौरी आहेर-आडके का नाम सबसे प्रबल माना जा रहा है। उनके पास प्रशासनिक अनुभव और मजबूत राजनीतिक विरासत है। इसके अलावा स्वाती भामरे, दिपाली गीते, डॉ. योगिता हिरे, माधुरी बोलकर और चंद्रकला धुमाल भी इस दौड़ में शामिल हैं। अब मुख्यमंत्री किसकी ताजपोशी करते हैं, इस पर पूरे नासिक की नजरें टिकी हुई हैं।