नासिक चुनाव में सुरक्षा का अभेद्य चक्र, 2700 अतिरिक्त जवान तैनात; शांतिपूर्ण मतदान के लिए बंदोबस्त
Police Security Arrangement: नासिक मनपा चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का अभेद्य चक्र तैयार किया है। बाहरी जिलों के 900 पुलिसकर्मी और 1800 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे।
- Written By: अंकिता पटेल
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया AI )
Municipal Election Law And Order: नासिक आगामी महानगरपालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नासिक शहर पुलिस ने सुरक्षा का अभेद्य चक्र तैयार कर लिया है। चुनाव में अब केवल एक सप्ताह का समय शेष है, ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के बेड़े में बाहरी जिलों के 900 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, 1800 होमगार्ड (गृहरक्षक दल) के जवानों की सेवाएं भी ली जा रही हैं, जिससे सुरक्षा बलों की कुल अतिरिक्त संख्या 2700 तक पहुंच गई है।
संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस की पैनी नजर
नगर निगम के 31 प्रभागों में मतदान केंद्रों की विशाल संख्या को देखते हुए पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के निर्देशानुसार सुरक्षा का विस्तृत खाका तैयार किया गया है। सिडको, पंचवटी और पुराने नासिक जैसे इलाकों में चुनाव प्रचार के दौरान हुए हालिया विवादों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। खासकर भद्रकाली जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ‘सुरक्षा कवच’ तैनात किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में 31 जुलाई तक जारी रहेगा ‘वन स्टेट वन ई-चालान’, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी डिजिटल सख्ती
सबके सामने करेंगे बेनकाब, सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को लगाई भयंकर फटकार, जेल नियमों पर भड़की अदालत
मोशी बिल्डिंग हादसे में दूसरी मौत, चौथे दिन मिला शव, 7 लाेग अब भी लापता, CM फडणवीस ने दिया ये निर्देश
VIDEO: 4 घंटे तक छत पर रही जिंदगी, नहीं आई कोई मदद… पालघर में बाढ़ के बीच मासूम बच्चों के साथ फंसे 8 लोग
सुरक्षा के साथ सघन जांच अभियान
मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल पर केवल मतदान ही नहीं, बल्कि स्टार प्रचारकों की बड़ी सभाओं की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी है। चुनाव में धन और शराब के अवैध इस्तेमाल को रोकने के लिए शहर की सीमाओं और मुख्य सड़कों पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। उपायुक्त किरणकुमार चव्हाण और सहायक आयुक्त संदीप मिटके स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त बल के समन्वय का काम देख रहे हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
‘स्ट्रांग रूम’ तक चौकसी
उपायुक्त मोनिका राउत और किशोर काले ने शहर के विभिन्न जोन के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया है। वहीं, मतदान के बाद ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए ‘स्ट्रांग रूम’ के बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यातायात प्रबंधन की कमान उपायुक्त किरिथका सी. एम. और सहायक आयुक्त अद्विता शिंदे संभाल रही है, ताकि चुनाव के दिन सड़कों पर भीड़भाड़ न हो और मतदान सुचारू रूप से चल सके।
यह भी पढ़ें:-मकर संक्रांति पर परंपरा व उत्साह का संगम, येवला में पतंग उत्सव बना आकर्षण का केंद्र
मौजूदा पुलिस बल और अतिरिक्त कुमक
वर्तमान में नासिक शहर पुलिस आयुक्तालय में पुलिस आयुक्त सहित 73 उपायुक्त एवं निरीक्षक, 203 सहायक निरीक्षक व उपनिरीक्षक और 3,036 अन्य कर्मचारी मुस्तैद है। अब इस मौजूदा बल को बाहरी जिलों से आने वाले 900 पुलिसकर्मियों और 1800 होमगार्ड का साथ मिलेगा, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
